जिनेवा । भारतीय राजनयिक अनुपमा सिंह ने बुधवार को विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) की बैठक में पाकिस्तान के आतंकवाद पर आधारित प्रोपेगैंडा को सटीक शब्दों में बेनकाब कर दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि पाकिस्तान आतंकवाद का गढ़ है और उसे पीडि़त होने का नाटक करने का कोई अधिकार नहीं है। अनुपमा सिंह ने बताया कि पाकिस्तान न केवल आतंकवाद को जन्म देता है, बल्कि उसे पाल-पोसकर दुनिया को गुमराह करने की कोशिश करता है। उन्होंने हाल ही में 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकी हमले का उल्लेख करते हुए कहा कि इसमें 26 निर्दोष पर्यटकों की हत्या की गई थी और इस हमले में शामिल आतंकी पाकिस्तान में प्रशिक्षित थे।

ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि भारत ने पूरी सटीकता और फोकस के साथ सिर्फ आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया। इसके साथ ही पाकिस्तान द्वारा सिंधु जल संधि पर झूठ फैलाने की कोशिशों को भी उन्होंने उजागर किया और कहा कि पाकिस्तान सीमा पार आतंकवाद को बढ़ावा देकर हर अंतरराष्ट्रीय समझौते का उल्लंघन कर रहा है।

भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने इस घटना में भारत के शामिल होने के पाकिस्तानी आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि भारत ऐसी सभी घटनाओं में जानमाल के नुकसान पर दुख जाहिर करता है। जायसवाल ने कहा कि आतंकवाद का ग्लोबल सेंटर होने की अपनी इमेज से ध्यान हटाने और अपनी नाकामियों को छिपाने के लिए, पाकिस्तान अपनी हर आंतरिक समस्या के लिए भारत को दोषी ठहराता है। यह आम बात हो गई है, लेकिन दुनिया को गुमराह करने की यह कोशिश नाकाम रहेगी।

कौन हैं अनुपमा सिंह
अनुपमा सिंह भारतीय विदेश सेवा (IFS) में नौ साल से अधिक समय से राजनयिक के रूप में काम कर रही हैं। IFS में शामिल होने से पहले, उन्होंने 2012 से 2014 तक KPMG में काम किया। वहां उन्होंने कंसल्टेंट के तौर पर शुरुआत की और बाद में सीनियर कंसल्टेंट के पद तक पहुंचीं। अनुपमा सिंह ने 2014 में लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी में प्रशासन का प्रशिक्षण पूरा किया। उन्होंने 2008 से 2011 तक CFA प्रोग्राम भी किया। इसमें उन्होंने कॉर्पोरेट फाइनेंस, वैल्यूएशन और पोर्टफोलियो मैनेजमेंट में विशेषज्ञता हासिल की। अनुपमा सिंह ने दिल्ली विश्वविद्यालय के फैकल्टी ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज से फाइनेंस में MBA किया है। उन्होंने मौलाना आज़ाद नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी से कंप्यूटर साइंस और इंजीनियरिंग में B.Tech भी किया है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version