श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर के बडगाम में मंगलवार की रात सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में एक आतंकी मारा गया है। मारे गए आतंकी की पहचान पाकिस्तानी लश्कर कमांडर सुलेमान शाह उर्फ मूसा के तौर पर हुई है। खुफिया जानकारी के आधार पर शुरू हुआ था ऑपरेशन।सुरक्षाबलों को यूएसमर्ग के कोराग इलाके में आतंकियों की मौजूदगी की खुफिया जानकारी मिली थी। उसके बाद सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और CRPF ने संयुक्त तलाशी अभियान शुरू किया। इस दौरान जवानों को कुछ संदिग्ध गतिविधियां दिखाई दीं। जब उन्होंने आतंकियों को चुनौती दी तो दूसरी तरफ से गोलीबारी शुरू हो गई। जवाबी काररवाई में एक आतंकी मारा गया।

अधिकारियों ने बताया कि मूसा बडगाम के दूधपथरी के जंगलों में हुई मुठभेड़ में मारा गया। यह इलाका मध्य कश्मीर के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में आता है। वहीं, गुरवेतकलां गांव में भी आतंकियों की मौजूदगी की पुष्टि होने के बाद सुरक्षाबलों ने इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान जारी रखा।

5 सितम्बर को मारा गया था मूसा का करीबी : मूसा का करीबी साथी यासिर भी गत पांच सितम्बर को हुई एक मुठभेड़ में मारा गया था। अधिकारियों के मुताबिक, मूसा जम्मू-कश्मीर में कई हमलों में शामिल था और सुरक्षाबलों को उसकी तलाश थी। वहीं, सूत्रों का यह भी कहना है कि इस इलाके में एक और शीर्ष गैर-स्थानीय लश्कर कमांडर के छिपे होने की आशंका है। मुठभेड़ के बाद से ही सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके को चारों तरफ से घेर रखा है। आसपास के चप्पे-चप्पे की तलाशी ली जा रही है ताकि यह पक्का किया जा सके कि वहां कोई और आतंकी छिपा न हो। फिलहाल, सुरक्षाबलों का अभियान जारी है। ऑपरेशन पूरा होने के बाद मुठभेड़ से जुड़ी और जानकारी सामने आने की उम्मीद है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version