
रांची। रांची सहित आसपास के कई इलाकों में मंगलवार को दोपहर बाद रिमझिम फुहारों के साथ हल्की बारिश दर्ज की गई। बारिश के कारण मौसम सुहाना हो गया, हालांकि कुछ देर बाद ही बारिश थम गई और आसमान फिर से साफ हो गया। यह जानकारी मौसम विभाग ने दी। मौसम विभाग के अनुसार, 12 मार्च तक राज्य के विभिन्न जिलों में गर्जन के साथ हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है। इसके बाद 13 मार्च से मौसम साफ होने की उम्मीद है।
विभाग ने बताया कि 15 और 16 मार्च को भी राज्य के कई हिस्सों में बारिश हो सकती है। 15 मार्च को राज्य के उत्तर-पश्चिमी जिलों गढ़वा, पलामू, लातेहार और चतरा को छोड़कर बाकी जिलों में बारिश होने की संभावना है। वहीं 16 मार्च को भी राज्य के कुछ स्थानों पर हल्के दर्जे की वर्षा हो सकती है।
पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में सबसे अधिक तापमान सरायकेला में 36.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम तापमान लातेहार में 17.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मंगलवार को रांची और आसपास के इलाकों में दिनभर बादल छाए रहे और दोपहर बाद हल्की बारिश हुई। राजधानी में अधिकतम तापमान 32.9 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 19.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
इसी प्रकार जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 34.6 डिग्री और न्यूनतम 21.8 डिग्री, डाल्टनगंज में अधिकतम 35.4 डिग्री और न्यूनतम 21.7 डिग्री, बोकारो में अधिकतम 27.1 डिग्री और न्यूनतम 21.1 डिग्री तथा चाईबासा में अधिकतम तापमान 32.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

