नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी में अगली सरकार किसकी बनेगी इसका फैसला आज यहां की जनता सुनाएगी। सुबह 7 बजे से दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए वोटिंग शुरू हो जाएगी। करीब 1.56 करोड़ से अधिक मतदाता आज अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों के 13,766 मतदान केंद्रों पर मतदान होगा। इस बार चुनावी रण में 699 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। इस दौरान दिल्ली की सत्ताधारी आम आदमी पार्टी की नजर तीसरे कार्यकाल पर है। वहीं बीजेपी

अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में आम आदमी पार्टी अपनी कल्याणकारी योजनाओं के दम पर लगातार तीसरी बार सत्ता में आने की कोशिश कर रही है। दूसरी ओर, बीजेपी 25 वर्षों से अधिक समय के बाद राजधानी में फिर से सरकार बनाने का प्रयास कर रही है। 2013 तक लगातार 15 साल शासन करने वाली कांग्रेस पिछले दो विधानसभा चुनाव में एक भी सीट जीतने में विफल रहने के बाद इस बार वापसी की कोशिश कर रही है।

दिल्ली चुनाव के लिए वोटिंग आज सुबह सात बजे शुरू होगा और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शाम छह बजे तक वोट डाले जाएंगे। निर्वाचन आयोग ने शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए अर्धसैनिक बलों की 220 कंपनियां, दिल्ली पुलिस के 35,626 जवान और 19,000 होमगार्ड तैनात किए हैं। लगभग तीन हजार मतदान केंद्रों को संवेदनशील के रूप में चिह्नित किया गया है। इनमें से कुछ स्थानों पर ड्रोन निगरानी समेत विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गई है।

हाई अलर्ट पर दिल्ली पुलिस
वहीं दक्षिण जिला पुलिस ने देर रात गश्त की, जिसका नेतृत्व डीसीपी अंकित चौहान ने किया। यह गश्त चुनाव के दौरान सुरक्षा सुनिश्चित करने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए चल रहे प्रयासों का हिस्सा थी। डीसीपी अंकित चौहान ने सुरक्षा व्यवस्था में किए गए सुधार के बारे में बताया कि हमारे जिले में बाहरी सुरक्षा बलों की लगभग 15 कंपनियां आई हैं। इसके अलावा, होमगार्ड और अन्य इकाइयों से पुलिस कर्मियों को भी तैनात किया गया है। इस प्रकार, कुल मिलाकर, हमारे जिले में लगभग 3,800 पुलिसकर्मियों और सुरक्षाबलों की 15 कंपनियों के साथ-साथ 1,500 होमगार्ड को तैनात किया गया है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version