लॉस एंजिलिस । अमेरिका के लॉस एंजिलिस में 5 दिनों से जारी प्रदर्शन के कारण शाम 6 बजे के बाद कर्फ्यू लगा दिया गया है। लॉस एंजिलिस की मेयर कैरन बैस ने इमरजेंसी की घोषणा की है। वहीं, लॉस एंजिलिस के डाउनटाउन के कुछ हिस्सों में मंगलवार रात 8 बजे से बुधवार 6 बजे तक (स्थानीय समयानुसार) कर्फ्यू लगा दिया गया। सोमवार को यह प्रदर्शन अमेरिका के 12 राज्यों के 25 शहरों तक फैल गया था।

अमेरिका के सैन फ्रांसिस्को, डलास, ऑस्टिन, टेक्सास और न्यूयॉर्क जैसे शहरों में शांतिपूर्ण प्रदर्शन हुए। हालात पर काबू पाने के लिए ट्रम्प ने मंगलवार को लॉस एंजिलिस में 4 हजार नेशनल गार्ड के बाद 700 मरीन कमांडो को भी भेजा था।

सोमवार-मंगलवार को लॉस एंजिलिस पुलिस ने करीब 1100 से ज्यादा प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार किया। वहीं, अमेरिकी राष्ट्रपति ने 14 जून को वॉशिंगटन डीसी में होने वाली आर्मी परेड के दौरान प्रदर्शन को लेकर भी चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि अगर कोई प्रदर्शन करता है तो उसे सेना का सामना करना पड़ेगा। 14 जून को अमेरिकी सेना की 250वीं वर्षगांठ और ट्रम्प का 79वां जन्मदिन भी है। इस हिंसा में अब तक दो लोगों की मौत हो चुकी है। यह हिंसक प्रदर्शन अवैध अप्रवासियों को बाहर निकालने के फैसले के खिलाफ हो रहे हैं। फिलहाल लॉस एंजिलिस में हिंसा थमती नजर आ रही है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version