
अयोध्या। रामनगरी अयोध्या दसवें दीपोत्सव-2026 के भव्य आयोजन के लिए पूरी तरह तैयार है। शनिवार को संत-महात्माओं और धर्माचार्यों की उपस्थिति में उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन दीपोत्सव का शुभारंभ करेंगे। इस ऐतिहासिक अवसर पर उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहेंगे। दीपोत्सव को भव्य और यादगार बनाने के लिए अयोध्या को आकर्षक रोशनी और फूलों से सजाया गया है।



दीपोत्सव के दौरान सरयू नदी के 56 घाट लाखों दीपों की रोशनी से जगमगाएंगे। वहीं, श्रीराम जन्मभूमि मंदिर को रंग-बिरंगी लाइटों से भव्य स्वरूप दिया गया है। इस बार आयोजन में देश के 13 राज्यों की सहभागिता विशेष आकर्षण होगी। भगवान श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण के अयोध्या आगमन को प्रतीकात्मक रूप में दर्शाती भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। इसके अलावा रामायण के विभिन्न प्रसंगों पर आधारित आकर्षक झांकियां भी प्रस्तुत की जाएंगी।
धर्मपथ समेत अयोध्या के प्रमुख मार्गों को थीमैटिक इंटेलिजेंट लाइटिंग और एलईडी पैनलों से सजाया गया है। राम की पैड़ी पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ 3-डी प्रोजेक्शन मैपिंग और लेजर शो का आयोजन होगा। रामायण के प्रसंगों पर आधारित ड्रोन शो और नया घाट पर म्यूजिकल आतिशबाजी भी लोगों के आकर्षण का केंद्र रहेंगी। अंतरराष्ट्रीय और भारतीय रामलीला दल भगवान श्रीराम की लीलाओं का मंचन करेंगे। वहीं, देश और प्रदेश के करीब 2,000 कलाकार अपनी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से रामनगरी को भक्तिमय बनाएंगे।
कई मंत्री और जनप्रतिनिधि भी होंगे शामिल
इस भव्य आयोजन में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक के अलावा मंत्री सूर्य प्रताप शाही, जयवीर सिंह और राज्य मंत्री सतीश चंद्र शर्मा भी शामिल होंगे। अयोध्या के महापौर गिरीश पति त्रिपाठी, जिला पंचायत प्रशासक रोली सिंह, विधान परिषद सदस्य हरि ओम पांडेय सहित विधायक वेद प्रकाश गुप्ता, रामचंद्र यादव, चंद्रभानु पासवान, डॉ. अमित सिंह चौहान और अभय सिंह की भी उपस्थिति रहेगी।
56 घाटों पर 30 से 33 लाख दीप जलाने का लक्ष्य
गौरतलब है कि शनिवार को आयोजित होने वाला अयोध्या दीपोत्सव-2026 इस भव्य आयोजन की दसवीं वर्षगांठ है। रविवार को दीपावली मनाई जाएगी, उससे ठीक एक दिन पहले रामनगरी में दीपों का महापर्व आयोजित होगा। आयोजकों ने इस बार सरयू नदी के 56 घाटों पर 30 से 33 लाख मिट्टी के दीप प्रज्ज्वलित करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। राम की पैड़ी और सरयू नदी के तट दीपोत्सव के मुख्य केंद्र होंगे। लाखों दीपों की जगमगाहट, भव्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और आधुनिक तकनीक का संगम अयोध्या के इस आयोजन को खास बनाएगा।

