
पटना। दीपावली पर महादलित बस्ती पहुंचकर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शुभकामनाओं के साथ लोगों को उपहार भी दिए। इसी के साथ साधन-संपन्न लोगों से नि:शुल्क बिजली का उपभोग छोड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बिहार के एक करोड़ 92 लाख परिवारों को 125 यूनिट बिजली नि:शुल्क मिल रही है। जो संपन्न उपभोक्ता स्वेच्छा से बिजली सब्सिडी का लाभ छोड़ना चाहते हैं, वे ऐसा कर सकते हैं। इसके लिए एक दिसंबर से विशेष अभियान चलाया जाएगा। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री यह अपील दूसरी बार किए हैं।



इससे पहले दो नवंबर को ‘पाटलिपुत्र राष्ट्रीय युवा संसद’ का उद्घाटन करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा था कि जो भी सक्षम लोग हैं, वे बिजली सब्सिडी छोड़ दें। सरकार पर 23000 करोड़ से अधिक का दबाव है। इससे जो पैसे खजाने में आएंगे, उसे शिक्षा-स्वास्थ्य पर खर्च किया जाएगा। उन्होंने आयकर दाताओं से विशेष तौर पर अनुरोध किया है कि वे सब्सिडी का परित्याग करें, ताकि राज्य में विकास को गति दी जा सके।
उल्लेखनीय है कि विधानसभा चुनाव के दौरान 18 जुलाई 2025 को तत्कालीन सरकार ने घरेलू बिजली उपभोक्ताओं को प्रतिमाह 125 यूनिट नि:शुल्क बिजली देने की घोषणा की थी। यह निर्णय उसी वर्ष एक अगस्त से प्रभाव में आ गया। इस कारण वित्तीय वर्ष 2025-26 में बिजली सब्सिडी 23165 करोड़ रुपये हो गई, जो 2023-24 में 13114 करोड़ थी।
प्रधानमंत्री आएंगे तो जनहित में होंगी कई घोषणाएं: मुख्यमंत्री ने बताया कि बिहार में एनडीए सरकार के एक वर्ष पूरा होने के अवसर पर 21 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी बिहार आ रहे हैं। उनके आगमन पर राज्य के हित में कई घोषणाएं संभव हैं, जिससे बिहार के विकास को नई गति मिलेगी। उल्लेखनीय है कि उस दिन प्रधानमंत्री वैशाली जिला में राजापाकर प्रखंड के जाफरपट्टी में लगभग 1243 एकड़ में औद्योगिक गलियारे और इलेक्ट्रानिक सिटी से जुड़ी परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे। पटना और वैशाली को जोड़ने वाले बहुप्रतीक्षित कच्ची दरगाह-बिदुपुर सिक्स लेन महासेतु का उद्घाटन करेंगे। इस कार्यक्रम के दौरान कई विकास योजनाओं के साथ बड़े औद्योगिक निवेश और समझौता ज्ञापनों पर भी ध्यान केंद्रित रहेगा। प्रधानमंत्री एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे।
गरीबों-वंचितों को आगे बढ़ाएंगे जन-प्रतिनिधि व अधिकारी
राजधानी पटना में दीघा-आशियाना रोड स्थित महालक्ष्मी देवी की प्रतिमा के समक्ष विधिवत पूजा-अर्चना की तथा राज्य की सुख-शांति, समृद्धि-प्रसन्नता की कामना की। मुख्यमंत्री वहां स्थित महादलित बस्ती भी गए। वहां के निवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं दीं तथा उपहार भेंट किए। उन्होंने कहा कि मेरी कामना है कि बिहार समृद्धि के मार्ग पर निरंतर आगे बढ़े। समाज के वंचित एवं जरूरतमंद वर्गों के लोगों के सुख-दुख में सहभागी बनना हम सभी का दायित्व है। त्योहारों की वास्तविक खुशी तभी सार्थक होती है, जब समाज के सभी वर्गों के लोग इसमें समान रूप से सहभागी बनें।
सीएम बोले, मैंने सभी जन-प्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक पदाधिकारियों से आग्रह किया है कि वे अनुसूचित जाति-जनजाति एवं अति-पिछड़ा समाज के लोगों का जीवन खुशहाल बनाने में पूरा योगदान दें। विधायक संजीव चौरसिया आदि मौके पर उपस्थित रहे।

