
रांची। झारखंड की राजनीति में एक बार फिर वीआईपी सुरक्षा और सरकारी तंत्र की कार्यशैली को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने बार-बार बीच रास्ते में धोखा दे रही अपनी 13 साल पुरानी जर्जर बुलेटप्रूफ गाड़ी को राज्य सरकार को ससम्मान वापस लौटा दिया है। इसके साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पत्र लिखकर सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। इससे पहले वाहन काफिले व सुरक्षा पर वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर भी नाराजगी जता चुके हैं।



नेता प्रतिपक्ष कार्यालय की ओर से उठाए गए मुद्दों के मुताबिक, बाबूलाल मरांडी लंबे समय से नक्सलियों और उग्रवादियों के निशाने पर रहे हैं। इसके बावजूद उनकी सुरक्षा में लगाई गई 13 साल पुरानी बुलेटप्रूफ कार और जवानों की जिप्सियां (जो 4 लाख किमी से अधिक चल चुकी हैं) पूरी तरह जर्जर हालत में हैं। पूर्व सीएम अर्जुन मुंडा के काफिले में हाल ही में हुई दुर्घटना का हवाला देते हुए भी सुरक्षा मानकों पर सवाल उठाए गए हैं।
7 दिनों का अल्टीमेटम : नेता प्रतिपक्ष ने राज्य के सभी पूर्व मुख्यमंत्रियों के सुरक्षा वाहनों की समान मानदंडों पर तत्काल समीक्षा करने, सुरक्षित वाहन उपलब्ध कराने और 7 दिनों के भीतर शिकायतों पर की गई कार्रवाई का लिखित ब्योरा देने की मांग की है। अब देखना यह है कि इस कड़े तेवर के बाद झारखंड सरकार और गृह विभाग क्या कदम उठाता है।

