नई दिल्ली। कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी पार्टी बीजेपी पर जोरदार हमले किए। राष्ट्रपति के अभिभाषण के बाद धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान बोलने उठे राहुल गांधी की लोकसभा स्पीकर ओम बिरला से भी तीखी नोकझोंक हुई।

लेकिन बीच भाषण में ही उन्होंने भगवान शिव की तस्वीर दिखाते हुए जो टिप्पणी की उस पर सदन में हंगामा हो गया। बीजेपी के सांसद राहुल का विरोध करने लगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खुद अपनी सीट से उठे और कहा कि राहुल गांधी का ‘पूरे हिंदू समाज को हिंसक कहना ठीक नहीं है। राहुल गांधी ने मोदी सरकार की अग्निवीर योजना पर भी हमला बोला और कहा कि अग्निवीर सैनिक यूज एंड थ्रो मजदूर बन गए हैं।

इस पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि गलतबयानी कर संसद को गुमराह करने की कोशिश नहीं की जानी चाहिए।
राहुल गांधी ने अपने भाषण के दौरान भगवान शंकर की तस्वीर दिखाते हुए कहा कि मोदी जी ने अपने भाषण में एक दिन कहा कि हिंदुस्तान ने कभी किसी पर हमला नहीं किया. इसका कारण है. हिंदुस्तान अहिंसा का देश है, यह डरता नहीं है।

उन्होंने कहा कि हमारे महापुरुषों ने यह संदेश दिया- डरो मत, डराओ मत. शिवजी कहते हैं- डरो मत, डराओ मत और त्रिशूल को जमीन में गाड़ देते हैं। दूसरी तरफ जो लोग अपने आपको हिंदू कहते हैं वो 24 घंटे हिंसा-हिंसा-हिंसा..नफरत-नफरत-नफरत… आप हिंदू हो ही नहीं। हिंदू धर्म में साफ लिखा है सच का साथ देना चाहिए।

राहुल गांधी के बयान पर सत्ता पक्ष के सदस्यों ने हंगामा शुरू कर दिया । इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उठे और कहा कि ये विषय बहुत गंभीर है, पूरे हिंदू समाज को हिंसक कहना ये गंभीर विषय है।

पीएम मोदी की इस टिप्पणी के बाद राहुल गांधी ने कहा कि नरेंद्र मोदी जी पूरा हिंदू समाज नहीं है। बीजेपी पूरा हिंदू समाज नहीं है। आरएसएस पूरा हिंदू समाज नहीं है।

केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले ने राहुल गांधी के हिंदू वाले बयान पर टिप्पणी करते हुए कहा कि पूरे हिंदू समाज को हिंसक कहना सही नहीं है. जो हिंसा में शामिल हैं उन्हें जेल भेजा जाएगा. राहुल गांधी खुद हिंदू हैं. यहां तक कि इंदिरा गांधी, राजीव गांधी और सोनिया गांधी हिंदू हैं. अगर हिंदू हिंसक हैं, तो क्या राहुल गांधी भी हिंसक हैं?

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version