चतरा। संगठित अपराध और रंगदारी गिरोह के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में चतरा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। हंटरगंज थाना में दर्ज रंगदारी के चर्चित मामले में पुलिस ने कुख्यात प्रिंस खान उर्फ हैदर अली गिरोह के दो मुख्य सहयोगियों को गिरफ्तार किया है। दोनों पर हवाला के जरिए आर्थिक लेन-देन करने और शूटरों तक पैसे पहुंचाने का आरोप है।

चतरा पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी ने शनिवार को प्रेस वार्ता में बताया कि हंटरगंज थाना क्षेत्र के पिंडरा गांव निवासी व्यवसायी प्रेम सिंह ने प्रिंस खान के खिलाफ रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज कराया था। इसके आधार पर हंटरगंज थाना में मामला दर्ज किया गया था।

एसपी के निर्देश पर एसडीपीओ सन्नी वर्धन के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने बिहार के भोजपुर जिले से मोहम्मद अस्फाक आलम (30) और सद्दाब अंसारी को गिरफ्तार किया। दोनों के पास से मोबाइल फोन और पैसों के ट्रांजैक्शन से जुड़े दस्तावेज बरामद किए गए हैं। जांच में गिरोह के सदस्यों और शूटरों के साथ आर्थिक लेन-देन के महत्वपूर्ण साक्ष्य मिले हैं।

पूछताछ में दोनों ने हवाला के माध्यम से पैसों के लेन-देन की बात स्वीकार की है। पुलिस अब पूरे वित्तीय नेटवर्क की गहन जांच कर रही है। इससे पहले इस मामले में अमन खान, मुर्तजा अंसारी, मोहम्मद नाजिम और कृष कुमार सिंह उर्फ आयुष को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। वहीं, अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version