आरा। दानापुर रेल मंडल के अंतर्गत आरा जंक्शन पर रविवार की अहले सुबह बड़ा रेल हादसा हो गया। न्यू जलपाईगुड़ी-कटिहार के रास्ते आरा जंक्शन होकर नई दिल्ली जाने वाली महानंदा एक्सप्रेस की दो बोगियां पटरी से उतर गईं। घटना सुबह करीब 4:10 बजे की बताई जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार पटरी से उतरने वाली दोनों बोगियां इंजन से सटे जनरल कोच की बताई जा रही हैं। पूर्व मध्य रेल के सीपीआरओ सरस्वती चंद्र ने बताया कि घटना में कोई हताहत नहीं हुए हैं। ट्रेन को पटरी पर लाया गया है थोड़ी देर में ट्रेन अपने गन्तव्य की ओर रवाना कर दिया जाएगा।

इधर, हादसे की सूचना मिलते ही रेल प्रशासन में अफरातफरी मच गई। रेलवे के अधिकारी और तकनीकी कर्मी तत्काल घटनास्थल पर पहुंच स्थिति का जायजा लेने में जुट गए हैं। हादसे के बाद दिल्ली-हावड़ा मुख्य रेलखंड पर ट्रेनों का परिचालन प्रभावित हो गया है। यह हादसा आरा रेलवे स्टेशन के पश्चिमी गुमटी के पास अप लाइन में हुआ है। घटनास्थल 593 किलोमीटर 9 ए बताया जा रहा है। दानापुर कंट्रोल से तकनीकी टीम आरा के लिए रवाना हो गई है।

रेलवे की ओर से पटरी से उतरी बोगियों को हटाने और रेल परिचालन सामान्य कराने के लिए राहत एवं तकनीकी कार्य शुरू कर दिया गया है। संबंधित विभागों की टीमें मौके पर पहुंचकर ट्रैक और दुर्घटनाग्रस्त ट्रेन की जांच में जुटी हैं।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version