पटना। लगातार बढ़ रहे जलस्तर के कारण पटना-गया रेलखंड पर ट्रेनों का परिचालन प्रभावित हो गया है। गया-पटना रेलखंड के पुनपुन नदी पर बने पुल संख्या-21 के ऊपरी हिस्से तक पानी पहुंच गया है। पानी बढ़ने के बाद रेलवे के इंजीनियरिंग विभाग ने सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए डाउन लाइन पर ट्रेनों का परिचालन रोक दिया है। वहीं, अप लाइन से ट्रेनों को नियंत्रित गति से चलाया जा रहा है। रेलवे के अनुसार शुक्रवार की रात से अगले आदेश तक डाउन लाइन के किलोमीटर संख्या 11/38-32 के बीच ट्रेन परिचालन निलंबित किया गया है। पुल पर लगातार बढ़ रहे जलस्तर और रेलपथ की सुरक्षा को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। रेलवे इंजीनियरिंग विभाग की टीम मौके पर जलस्तर और ट्रैक की स्थिति की लगातार निगरानी कर रही है।

इन ट्रेनों के रद होने से गया, पुनपुन, तारेगना, जहानाबाद सहित पटना-गया रेलखंड के बीच यात्रा करने वाले दैनिक यात्रियों को परेशानी हो सकती है। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक फिलहाल अप लाइन से ट्रेनों का परिचालन पूरी तरह बंद नहीं किया गया है। सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखते हुए ट्रेनों को धीमी गति और सतर्कता के साथ चलाया जा रहा है। डाउन लाइन पर पानी की स्थिति सामान्य होने तक इस लाइन पर ट्रेनों का परिचालन शुरू नहीं किया जाएगा। रेलवे की ओर से स्पष्ट किया गया है कि पुल और रेलपथ की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। जलस्तर कम होने के बाद इंजीनियरिंग विभाग ट्रैक और पुल का निरीक्षण करेगा। ट्रैक को सुरक्षित घोषित किए जाने के बाद ही डाउन लाइन पर परिचालन बहाल किया जाएगा।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version