रांची। कटहल मोड़ के समीप सीमेंट-छड़ कारोबारी राधेश्याम साहू पर फायरिंग मामले में रांची पुलिस ने आधा दर्जन लोगों को हिरासत में लिया। हिरासत में लिए गए लोगों में जमीन कारोबारी और बिल्डर शामिल हैं, जबकि पकड़े गए लोगों में दो रांची के पुंदाग के बिल्डर-जमीन कारोबारी शामिल हैं। पुलिस की टीम हिरासत में लिए लोगों से लगातार पूछताछ कर रही है। वहीं पुलिस की एक टीम आसपास के जिलों में शूटरों की तलाश के लिए गई है।

रांची ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर ने बताया कि गोलीबारी मामले में कई लोगों को हिरासत में लिया गया है। मामले के खुलासे के लिए अलग-अलग टीमें बनाई गई हैं। सभी जांच कर रही हैं।

राधेश्याम साहू के बेटे सज्जन कुमार ने नगड़ी थाना में जमीन कारोबारी पुरुषोत्तम कुमार, शशि शेखर समेत अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी है। सज्जन ने पुलिस को बताया कि उनके पिता राधेश्याम साहू का जमीन को लेकर पुरुषोत्तम और शशि के साथ विवाद चल रहा था।

पुरुषोत्तम के साथ ढाई एकड़ जमीन को लेकर विवाद है। यह मामला न्यायालय में लंबित है। वहीं, दो माह पूर्व पटना निवासी शशि शेखर उनके पिता को फोन पर धमकी भी दी थी और कहा था कि मामले को क्लियर नहीं किया तो जान से मार देंगे। सज्जन ने पुलिस को बताया कि जिस वक्त अपराधियों ने घटना को अंजाम दिया था, उस वक्त उनके स्टॉफ संजय सिन्हा, नागेन्द्र दुबे और सोमरा उरांव मौके पर मौजूद थे।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version