
रांची। एकात्म मानववाद के प्रणेता पंडित दीनदयाल उपाध्याय की 110वीं जयंती पर शुक्रवार को झारखंड में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। राजधानी रांची के दीनदयाल नगर में आयोजित कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उनके विचारों को याद किया।
कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, विधायक सीपी सिंह, संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह और जिला अध्यक्ष वरुण साहू समेत कई पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
इस मौके पर नेताओं ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानववाद और अंत्योदय के विचारों पर चर्चा की। उन्होंने समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास और जनकल्याण का लाभ पहुंचाने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय का जीवन और उनका दर्शन राष्ट्रसेवा तथा जनसेवा के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने कहा कि उपाध्याय ने समाज के वंचित और पिछड़े वर्ग के उत्थान पर विशेष जोर दिया।
नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय को महान विचारक बताते हुए उनके एकात्म मानववाद के सिद्धांत को याद किया। उन्होंने कहा कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के विकास की अवधारणा उनके विचारों का महत्वपूर्ण हिस्सा रही है।
संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने राजनीति को समाजसेवा का माध्यम माना। उनके अंत्योदय और एकात्म मानववाद के विचार आज भी कार्यकर्ताओं को समाज के कमजोर एवं वंचित वर्गों के बीच काम करने की प्रेरणा देते हैं।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचारों से प्रेरणा लेकर समाजसेवा और जनकल्याण के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।

