
पटना। गया जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-19 के सिक्सलेन खंड का लोकार्पण शनिवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी करेंगे। वैशाली में आयोजित कार्यक्रम से प्रधानमंत्री वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से शेरघाटी से बिहार-झारखंड सीमा स्थित चोरदाहा तक नवनिर्मित सड़क का उद्घाटन करेंगे। इसके लिए बोधगया स्थित मगध विश्वविद्यालय परिसर में मुख्य कार्यक्रम स्थल तैयार किया जा रहा है। कार्यक्रम में जिले के प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी, एनएचएआई के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और आम लोग शामिल होंगे। एनएचएआई की ओर से परिसर में करीब 10 हजार लोगों के बैठने की क्षमता वाला विशाल हैंगर और पंडाल बनाया जा रहा है।



प्रधानमंत्री के संबोधन और लोकार्पण कार्यक्रम के प्रसारण के लिए इंटरनेट, वीडियो कांफ्रेंसिंग उपकरण और अन्य तकनीकी व्यवस्थाएं की जा रही हैं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन ने भी तैयारियां तेज कर दी हैं। यातायात नियंत्रण और पार्किंग के साथ अग्निशमन, पेयजल, शौचालय, बिजली और आपातकालीन चिकित्सा सुविधाओं की व्यवस्था की जा रही है।

