रामगढ़ । रामगढ़-रांची राष्ट्रीय राजमार्ग-33 स्थित चुट्टूपालू घाटी में बुधवार को एक बार फिर भीषण सड़क हादसा हो गया। रांची से रामगढ़ की ओर आ रहा एक अनियंत्रित ट्रेलर घाटी में ब्रेक फेल होने के बाद बेकाबू हो गया और उसने एक के बाद एक नौ वाहनों को टक्कर मार दी। हादसे में कई लोग घायल हो गए, जबकि सभी वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। राहत की बात यह रही कि दुर्घटना में किसी की जान नहीं गई।

घटना की सूचना मिलते ही मुख्यालय डीएसपी अकरम राजा और रामगढ़ थाना प्रभारी नवीन प्रकाश पांडे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू करवाया गया। घायलों को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।

डीएसपी अकरम राजा ने बताया कि रेलवे का पहिया (चक्का) लादकर रांची से रामगढ़ की ओर जा रहा ट्रेलर (एनएल-01-एडी-7009) चुट्टूपालू घाटी में पहुंचते ही ब्रेक फेल होने के कारण अनियंत्रित हो गया। इसके बाद ट्रेलर ने अपने सामने चल रहे वाहनों को टक्कर मारना शुरू कर दिया।

हादसे में एक यात्री बस (जेएच-02-बीक्यू-9799), पांच कारें (जेएच-01-बीएक्स-8969, जेएच-01-जीपी-2723, जेएच-01-एफएफ-3943, जेएच-24-एम-9939 और जेएच-01-ईएम-1348), दो मोटरसाइकिलें (जेएच-10-सीसी-2105 और जेएच-01-ईजी-4792) तथा एक कंटेनर (जीजे-01-एचटी-2374) क्षतिग्रस्त हो गए। दुर्घटना में बस की महिला यात्रियों सहित कारों और मोटरसाइकिलों पर सवार कई लोग घायल हुए।

सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद रामगढ़ सदर अस्पताल तथा शहर के निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस के अनुसार अधिकांश घायलों की स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।

हादसे के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाने और सड़क को सामान्य करने में पुलिस एवं प्रशासन को काफी मशक्कत करनी पड़ी। लगभग पांच घंटे तक चुट्टूपालू घाटी में लंबा जाम लगा रहा, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। बाद में क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात को धीरे-धीरे सामान्य कराया गया।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version