
रांची। झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) की संयुक्त स्नातक स्तरीय (सीजीएल) परीक्षा में कथित अनियमितता, पेपर लीक आदि के बिंदु पर जांच कर रही सीआईडी ने तीन और सफल अभ्यर्थियों को पूछताछ के बाद शनिवार को गिरफ्तार कर सीआईडी की विशेष अदालत में पेश किया। अदालत के आदेश पर तीनों को न्यायिक हिरासत में रांची के होटवार स्थित बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा में भेज दिया गया है। सीआईडी ने जिन्हें गिरफ्तार किया है, उनमें जमशेदपुर का फूड इंस्पेक्टर संजय कुमार, स्वास्थ्य विभाग में पदस्थापित कनीय सचिवालय सहायक अजय कुमार तथा एक अन्य सफल अभ्यर्थी रामाकृष्णा कुमार सिंह शामिल हैं। फूड इंस्पेक्टर संजय कुमार मूल रूप से गिरिडीह के गांवा थाना क्षेत्र के पिहरा गांव के रहने वाले हैं। सीआईडी उनसे पिछले तीन दिनों से हर दिन बुलाकर पूछताछ कर रही थी।



वहीं, दूसरे आरोपित अजय कुमार मूल रूप से कोडरमा जिले के सतगांवा थाना क्षेत्र के नंदुडीह पोस्ट स्थित खाब के निवासी हैं। तीसरे आरोपित रामाकृष्णा कुमार सिंह गिरिडीह जिले के ही धनवार थाना क्षेत्र के कटरियाटांड़ के निवासी हैं। तीसरे गिरफ्तार सफल अभ्यर्थी रामाकृष्णा कुमार सिंह के बारे में जानकारी है कि वह दस्तावेज सत्यापन तक में सफल हुआ था, लेकिन मेरिट लिस्ट में उसका नाम नहीं आया था।
तीनों ही आरोपित अप्राथमिकी अभियुक्त हैं। इनपर आरोप है कि इनलोगों ने जेएसएससी सीजीएल की परीक्षा में अनुचित लाभ प्राप्त तो किया ही, इन लोगों ने अन्य अभ्यर्थियों को भी उक्त परीक्षा में पास करवाने का ठेका लिया, उनसे वसूली की और उन्हें भी प्रश्न व उत्तर रटवाया। सीआईडी ने उनसे पूर्व में भी कई बार पूछताछ की थी। उनके विरुद्ध पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद उन्हें गिरफ्तार की है।

