
रांची: झारखंड की राजधानी रांची के अरगोड़ा थाना क्षेत्र स्थित कड़रू इलाके से तीन बच्चों के लापता होने का मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर बच्चों की तलाश तेज कर दी है।जानकारी के अनुसार, तीनों बच्चों की उम्र करीब 11 से 12 वर्ष है। लापता बच्चों में बेलाल और सूरज महतो की पहचान हो चुकी है, जबकि तीसरे बच्चे की पहचान संबंधी जानकारी जुटाई जा रही है।परिजनों के मुताबिक, तीनों बच्चे घर के पास खेल रहे थे। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर उनकी तलाश की गई, लेकिन कोई सुराग नहीं मिलने पर देर रात परिजन अरगोड़ा थाना पहुंचे और पुलिस को घटना की सूचना दी।सूचना मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू कर दी। बच्चों की तलाश के लिए आसपास के इलाकों में अभियान चलाया जा रहा है। साथ ही इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि बच्चे आखिरी बार कब और किसके साथ देखे गए थे। पुलिस आसपास के लोगों से भी पूछताछ कर रही है।अरगोड़ा थाना पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी को इन बच्चों के बारे में कोई भी जानकारी मिले तो तुरंत अरगोड़ा थाना या निकटतम पुलिस स्टेशन को सूचित करें, ताकि बच्चों को जल्द और सुरक्षित बरामद किया जा सके।फिलहाल मामले की जांच जारी है।

