
हजारीबाग। जिले के बड़ा बाजार ओपी क्षेत्र के हुरहुरू में एक महिला से साधु के भेष में सोने के जेवर ठगकर फरार हुए तीन शातिर अपराधियों को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान रोहतास जिले के अमझोर थाना क्षेत्र निवासी मलेट्री लाठौर, अखिलेश लाठौर और तितई लाठौर के रूप में हुई है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपितों के पास से ठगे गए सोने के जेवर और अन्य सामान भी बरामद किए हैं।सदर, हजारीबाग के एसडीपीओ रूपक कुमार सिंह ने बताया कि 08 जूनको हुरहुरू निवासी गुड़िया देवी के पति ने पुलिस को सूचना दी थी कि तीन व्यक्ति साधु के वेश में उनके घर आए और धार्मिक बातों में उलझाकर उनकी पत्नी से सोने का जेवर (जीतिया) ठगकर फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस के वरीय अधिकारियों को मामले की जानकारी दी गई, जिसके बाद उनके निर्देश पर एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच की और स्थानीय लोगों से पूछताछ के आधार पर संदिग्धों की तलाश शुरू की।इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि तीन संदिग्ध साधु एक आॅटो में सवार होकर भाग रहे हैं। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए क्षितिज अस्पताल के पास वाहन की घेराबंदी कर तीनों संदिग्धों को पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान उनके जवाब संदिग्ध पाए जाने पर पुलिस ने तलाशी ली। तलाशी में गुड़िया देवी से ठगा गया सोने का जीतिया, मोती लगा माला और सोने जैसे दिखने वाले सात छोटे-छोटे लॉकेट बरामद हुए। इसके बाद तीनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया।
