
आरा। बिहार के आरा में विजयादशमी की रात पुरानी रंजिश को लेकर एक युवक पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। नवादा थाना क्षेत्र के मौलाबाग स्थित डीके कार्मेल स्कूल के समीप बाइक सवार दो बदमाशों ने होमगार्ड के बेटे अमरजीत कुमार यादव पर फायरिंग कर दी। इस घटना में अमरजीत गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया।



घायल युवक की पहचान मौलाबाग वार्ड संख्या-13 निवासी होमगार्ड संजय यादव के 33 वर्षीय पुत्र अमरजीत कुमार यादव के रूप में हुई है। वह नगर निगम में वाहन चालक के तौर पर काम करता है।
हत्या के मामले से जुड़ा है विवाद
अमरजीत के अनुसार, 2 मार्च 2026 को बिहिया थाना क्षेत्र के झौआ गांव निवासी स्व. शत्रुघ्न सिंह के 17 वर्षीय पुत्र आदर्श कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस चर्चित हत्याकांड में अमरजीत और उसके दो भाइयों नवनीत यादव उर्फ लोहा यादव तथा मंजीत यादव को नामजद आरोपी बनाया गया था। अमरजीत का भाई लोहा यादव फिलहाल जेल में बंद है।
अमरजीत ने दावा किया कि आदर्श कुमार की हत्या में उसका कोई हाथ नहीं था और उसे झूठे मुकदमे में फंसाया गया है। उसने बताया कि हत्याकांड के बाद से ही उसे लगातार जान से मारने की धमकियां मिल रही थीं।
होटल जाने के दौरान बदमाशों ने की फायरिंग
अमरजीत के मुताबिक, मंगलवार की रात वह बाइक से खाना खाने के लिए एक होटल जा रहा था। इसी दौरान डीके कार्मेल स्कूल के पास स्प्लेंडर बाइक पर सवार दो बदमाशों ने उस पर गोलियां चला दीं। एक गोली उसके सिर के पास से निकल गई, जबकि दूसरी गोली दाहिने कंधे के पास लगी। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी
घटना की जानकारी मिलते ही सदर एसडीपीओ-1 सुशील कुमार सदर अस्पताल पहुंचे और घायल युवक से मुलाकात कर पूरे मामले की जानकारी ली।
एसडीपीओ ने बताया कि अमरजीत को गोली लगने की सूचना मिलने के बाद उसे अस्पताल पहुंचाया गया। घायल ने पुलिस को बताया है कि पुरानी हत्या का बदला लेने के लिए उस पर हमला किया गया। उसने दो संदिग्धों के नाम भी पुलिस को बताए हैं।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित कर लगातार छापेमारी की जा रही है। मामले की जांच जारी है।

