
देवघर। झारखंड के देवघर जिले में नगर थाना क्षेत्र के रांगा मोड़ के पास सोमवार देर रात एक युवक की गोली मारकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद एक युवक घायल अवस्था में उसे बुलेट मोटरसाइकिल से सदर अस्पताल लेकर पहुंचा और सड़क दुर्घटना में घायल होने की बात कही। हालांकि, डॉक्टरों की जांच में शरीर पर गोली लगने के निशान मिलने के बाद मामले का खुलासा हुआ। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और अस्पताल पहुंचाने वाले युवक की भूमिका की पड़ताल कर रही है।



मृतक की पहचान बिहार के बांका जिले के चांदन थाना क्षेत्र अंतर्गत गोडियारी गांव निवासी 27 वर्षीय रोशन कुमार के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, सोमवार देर रात एक युवक रोशन को गंभीर हालत में देवघर सदर अस्पताल लेकर पहुंचा था। उसने अस्पताल के डॉक्टरों और कर्मचारियों को बताया कि रोशन सड़क हादसे में घायल हुआ है।
हालांकि, ड्यूटी पर तैनात डॉक्टरों ने जब उसकी जांच की, तो चोटों की प्रकृति संदिग्ध पाई गई। रोशन की आंख के पास और सिर के पिछले हिस्से में गंभीर घाव थे। जांच के दौरान गोली लगने के निशान मिलने पर डॉक्टरों को मामला सड़क दुर्घटना के बजाय गोलीबारी का प्रतीत हुआ। इसके बाद अस्पताल प्रबंधन ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही बैद्यनाथधाम ओपी और नगर थाना पुलिस सक्रिय हो गई।
अस्पताल पहुंचाने वाले युवक की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस अब उस युवक की पहचान करने में जुटी है, जो रोशन को बुलेट मोटरसाइकिल से अस्पताल लेकर आया था। साथ ही, इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है। घटना से जुड़े सुराग तलाशने के लिए घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
हत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी पुलिस
फिलहाल रोशन कुमार की हत्या किसने और किस वजह से की, इसका खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस घटना के समय, संभावित घटनास्थल और इसमें शामिल लोगों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। मामले के सभी पहलुओं की जांच जारी है।

