
रांची। राजधानी रांची के पंडरा ओपी क्षेत्र में शनिवार देर रात एंटी क्राइम चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने एक ऑटो चालक को संदिग्ध परिस्थितियों में हिरासत में लिया है। तलाशी के दौरान उसके पास से एक एयर गन बरामद की गई। पूछताछ में ऑटो चालक एयर गन रखने के संबंध में कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। हिरासत में लिए गए ऑटो चालक की पहचान रवि स्टील क्षेत्र निवासी गुड्डू उर्फ रवि के रूप में हुई है। वह मूल रूप से पलामू जिले के पांकी का रहने वाला है।
पुलिस के अनुसार, शनिवार देर रात पंडरा ओपी की टीम एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर ऑटो चालक को रोककर उसकी तलाशी ली गई। तलाशी में एयर गन मिलने के बाद पुलिस ने उससे पूछताछ की, लेकिन वह इसके संबंध में स्पष्ट जानकारी नहीं दे सका। इसके बाद पुलिस उसे हिरासत में लेकर पंडरा ओपी पहुंची, जहां उससे पूछताछ की जा रही है।
पुलिस को आशंका है कि ऑटो चालक रात के समय एयर गन दिखाकर यात्रियों से लूटपाट करता होगा। हालांकि, अब तक इस आशंका की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि एयर गन रखने का उसका उद्देश्य क्या था और क्या वह किसी आपराधिक गतिविधि में शामिल रहा है। पंडरा ओपी प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच-पड़ताल जारी है। पूछताछ और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
