
मुंबई। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के रेपो दर में अप्रत्याशित आधे प्रतिशत की कटौती करने से दर के प्रति संवेदनशील रियल्टी, बैंकिंग, वित्तीय सेवाएं और आॅटो समेत 19 समूहों में हुई जबरदस्त लिवाली की बदौलत शुक्रवार को शेयर बाजार ने लंबी छलांग लगाई। बीएसई का तीस शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 746.95 अंक अर्थात 0.92 प्रतिशत की तूफानी तेजी के साथ आठ कारोबारी सत्र के बाद 82 हजार अंक के मनोवैज्ञानिक स्तर के पार 82,188.99 अंक और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी 252.15 अंक यानी 1.02 प्रतिशत उछलकर 25 हजार अंक के मनोवैज्ञानिक स्तर के ऊपर 25003.05 अंक पर बंद हुआ। इसी तरह बीएसई का मिडकैप 0.91 प्रतिशत मजबूत होकर 46,096.51 अंक और स्मॉलकैप 0.43 प्रतिशत चढ़कर 53,440.26 अंक हो गया।
इस दौरान बीएसई में कुल 4156 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ, जिनमें से 2278 में लिवाली जबकि 1744 में बिकवाली हुई वहीं 134 में कोई बदलाव नहीं हुआ। इसी तरह एनएसई में कारोबार के लिए रखी गई कुल 2993 कंपनियों के शेयरों में से 1673 में तेजी जबकि 1229 में गिरावट रही वहीं 91 में टिकाव रहा।
बीएसई के 19 समूहों में जमकर लिवाली हुई। इस दौरान रियल्टी 4.74, वित्तीय सेवाएं 1.79, आॅटो 1.50, बैंकिंग 1.25, कमोडिटीज 0.72, सीडी 1.38, ऊर्ज 0.55, एफएमसीजी 0.19, हेल्थकेयर 0.40, आईटी 0.41, दूरसंचार 0.14, यूटिलिटीज 1.04, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स 1.30, धातु 1.56, तेल एवं गैस 0.76, पावर 0.78, टेक 0.30, सर्विसेज 0.42 और फोकस्ड आईटी समूह के शेयर 0.52 प्रतिशत उछल गए।
शेयर बाजार में आई मजबूती के कारण स्टॉक मार्केट के निवेशकों की संपत्ति में साढ़े तीन लाख करोड़ रुपये से अधिक की बढ़ोतरी हो गई। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैपिटलाइजेशन आज के कारोबार के बाद बढ़ कर 451.06 लाख करोड़ रुपये (अस्थाई) हो गया। जबकि पिछले कारोबारी दिन यानी गुरुवार को इनका मार्केट कैपिटलाइजेशन 447.50 लाख करोड़ रुपये था। इस तरह निवेशकों को आज के कारोबार से करीब 3.56 लाख करोड़ रुपये का मुनाफा हो गया।
