जोरहाट : असम के जोरहाट में भारतीय वायुसेना के AN-32 परिवहन विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने से देश ने अपने पांच वीर वायु योद्धाओं को खो दिया। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे देश में शोक की लहर है। भारतीय वायुसेना ने दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए कोर्ट ऑफ इंक्वायरी के आदेश जारी कर दिए हैं। भारतीय वायुसेना ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर जारी अपने आधिकारिक बयान में हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि विमान दुर्घटना में पांच कर्मियों ने कर्तव्य निर्वहन के दौरान सर्वोच्च बलिदान दिया है। वायुसेना ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया है।

ये पांच जांबाज हुए शहीद
वायुसेना द्वारा जारी जानकारी के अनुसार हादसे में स्क्वाड्रन लीडर प्रशांत सिंह, फ्लाइट लेफ्टिनेंट शुभम कुमार, सार्जेंट जितेंद्र शर्मा, अग्निवीरवायु खेमाराम कुमावत और अग्निवीरवायु दानिश आलम का निधन हो गया। ये सभी जवान विमान में सवार थे और अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर रहे थे। दुर्घटना में उनकी मृत्यु को देश की रक्षा और सेवा के लिए दिया गया सर्वोच्च बलिदान माना जा रहा है।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने जताया शोक
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी इस दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने एक्स पर जारी अपने संदेश में कहा कि असम के जोरहाट में AN-32 विमान दुर्घटना में पांच वायु योद्धाओं की मौत से उन्हें गहरा दुख पहुंचा है। उन्होंने कहा कि स्क्वाड्रन लीडर प्रशांत सिंह, फ्लाइट लेफ्टिनेंट शुभम कुमार, सार्जेंट जितेंद्र शर्मा, अग्निवीरवायु खेमाराम कुमावत और अग्निवीरवायु दानिश आलम ने देश की सेवा करते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया है। देश उनके साहस, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा को सदैव गर्व और कृतज्ञता के साथ याद रखेगा।
पूरे देश ने दी श्रद्धांजलि
विमान हादसे में पांच वायु योद्धाओं की शहादत ने पूरे देश को भावुक कर दिया है। विभिन्न राजनीतिक नेताओं, सैन्य अधिकारियों और आम नागरिकों ने दिवंगत जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की है। देश इस कठिन समय में शोक संतप्त परिवारों के साथ खड़ा है और उनके बलिदान को हमेशा सम्मान के साथ याद रखा जाएगा।
असम के जोरहाट एयरफोर्स स्टेशन पर शनिवार को भारतीय वायुसेना का एक AN-32 परिवहन विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। यह हादसा उस समय हुआ जब विमान एयरबेस पर उतरने की प्रक्रिया में था। घटना के बाद एयरफोर्स स्टेशन पर हड़कंप मच गया और राहत एवं बचाव दलों को तत्काल मौके पर भेजा गया।


लैंडिंग के दौरान हुआ बड़ा हादसा

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, भारतीय वायुसेना का AN-32 परिवहन विमान नियमित उड़ान के बाद जोरहाट एयरफील्ड पर लैंडिंग की तैयारी कर रहा था। इसी दौरान विमान दुर्घटना का शिकार हो गया। हालांकि दुर्घटना के सटीक कारणों का अभी तक खुलासा नहीं किया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के तुरंत बाद एयरबेस के आसपास आपातकालीन गतिविधियां तेज हो गईं। दुर्घटनास्थल पर सुरक्षा और राहत दलों ने मोर्चा संभाल लिया।

सैन्य सामग्री की ढुलाई में उपयोग होता है AN-32
AN-32 भारतीय वायुसेना का महत्वपूर्ण परिवहन विमान माना जाता है। इसका उपयोग सैन्य उपकरणों, रसद सामग्री और अन्य आवश्यक सामानों की ढुलाई के लिए किया जाता है। यह विमान विशेष रूप से दुर्गम और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में संचालन की क्षमता के लिए जाना जाता है। भारतीय वायुसेना के परिवहन बेड़े में AN-32 की महत्वपूर्ण भूमिका रही है और इसका इस्तेमाल विभिन्न सैन्य एवं मानवीय अभियानों में किया जाता रहा है।

डॉ कमल कुमार कश्यप

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version