
रांची। रांची के नामकुम स्थित आर्मी ग्राउंड खोजा टोली में आयोजित एयर शो में भारतीय वायु सेना ने अद्भुत प्रदर्शन से दूसरे दिन रविवार को दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इसके साथ ही आयोजित एयर शो का समापन हो गया। रविवार होने की वजह से स्कूल और कॉलेजों में अवकाश के चलते एयर शो को देखने के लिए छात्र-छात्रा और युवा पहुंचे थे। उनके साथ उनके अभिभावकों की भी उपस्थिति देखी गयी। एयर शो में नौ फाइटर जेट्स सूर्य किरण एयरोबेटिक टीम के जांबाजो के हैरतअंगेज करतब को देखकर उपस्थित लोगों में काफी उत्साह देखा गया। वहीं जब विमान की गर्जना आकाश में सुनाई दी तो दर्शकों ने भारत माता के जयकारों से फिजा को गुंजायामान कर दिया।
एयर शो के दौरान सूर्य किरण एयरोबेटिक टीम आसमान में मनोहर एवं हैरतअंगेज कारनामे से सब को हैरत में डाल दिया। रांची के आसमान में वायु सेना के विमान ने तिरंगे को लहराया। भारतीय वायु सेवा के ये विमान पांच मीटर की दूरी बनाते हुए एक साथ उड़ान भरते नजर आए।
अलग-अलग दिशाओं से अपनी गति और अनुशासन का प्रमाण देते हुए अलग-अलग आकृतियां आसमान में बनाया । इसके अलावा विमान उल्टी उड़ान भरते भी नजर आए। टीम के पायलट, भारतीय वायु सेवा के बेहतरीन फाइटर पायलट हैं। टीम ने छह महीने कठिन परिश्रम कर अपनी तैयारी पूरी की थी । इस भव्य कार्यक्रम को सम्पन्न कराने में जिला प्रशासन ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनकी मेहनत और समर्पण के कारण यह कार्यक्रम सफलतापूर्वक आयोजित किया गया।
सूर्यकिरण टीम की रोमांचकारी करतबों ने लोगों का मोहा मन एयर शो में सूर्यकिरण टीम की रोमांचकारी करतबों ने लोगों का मन मोह लिया। इनके अलावा भी कई करतब इस एयर शो में देखने को मिला। सूर्यकिरण टीम के द्वारा इन शानदार प्रदर्शन न केवल दर्शकों को मनोरंजन प्रदान किया, बल्कि भारतीय वायु सेना की क्षमताओं और कौशल को भी प्रदर्शित किया। यह टीम देश के लिए गर्व का प्रतीक है और युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
इस कार्यक्रम में रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, न्यायाधीश झारखंड उच्च न्यायालय आनंदा सेन और झारखंड सरकार के वरीय अधिकारी, उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजन्त्री, उप विकास आयुक्त दिनेश कुमार यादव, अनुमंडल पदाधिकारी सदर रांची उत्कर्ष कुमार, अपर जिला दंडाधिकारी विधि व्यवस्था राजेश्वर नाथ आलोक, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण सुमित कुमार अग्रवाल सहित सेना एवं जिला के वरीय पदाधिकारी शामिल हुए।
