रांची,। झारखंड की राजधानी रांची समेत पूरे झारखंड में पिछले 48 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान में वृद्धि दर्ज की गई है। इस अवधि में रांची के अधिकतम तापमान में करीब चार डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई है, जिससे दिन में गर्मी का एहसास बढ़ गया है।

मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार को रांची का अधिकतम तापमान 26.7 डिग्री सेल्सियस था, जो बुधवार तक बढ़कर 30 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। वहीं राज्य में सबसे अधिक तापमान चाईबासा में दर्ज किया गया, जहां पारा बढ़कर 33.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। सोमवार को यहां तापमान 32.4 डिग्री था।

दूसरी ओर, राज्य में न्यूनतम तापमान गुमला में 7.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के अनुसार दिन में गर्मी और रात में हल्की ठंड का असर बना हुआ है।

मौसम विज्ञान विभाग की ओर से बताया गया कि अगले तीन दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक और वृद्धि होने की संभावना है। 19 से 21 फरवरी के बीच राज्य के कई जिलों में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं। 22 फरवरी से मौसम साफ होने की संभावना है, हालांकि सुबह के समय हल्का कुहासा छाया रह सकता है। इसके बाद 23 और 24 फरवरी को फिर से आंशिक बादल छाए रहने का अनुमान है।

बुधवार को रांची में अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 10.3 डिग्री, जमशेदपुर में अधिकतम 32.8 और 13.4 न्यूनतम तापमान डिग्री, डालटेनगंज में अधिकतम तापमान 32.4 डिग्री और न्यूदनतम तापमान 09.3 डिग्री, बोकारो में अधिकतम तापमान 32.5 और न्यूनतम तापमान 11.6 डिग्री और चाईबासा में अधिकतम तापमान 33.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 12.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, वायुमंडल के ऊपरी स्तर पर मध्य प्रदेश के उत्तर-पूर्वी हिस्से और आसपास के क्षेत्रों में निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इसका प्रभाव झारखंड के मौसम पर भी पड़ रहा है, जिससे तापमान में वृद्धि और आंशिक बादल छाने की स्थिति बन रही है।

फिलहाल दिन में धूप के कारण गर्मी का एहसास हो रहा है, जबकि शाम और रात में हल्की ठंड बनी हुई है। आने वाले दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी से गर्मी का असर और तेज होने की संभावना जताई गई है।–

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version