
रांची । सोमवार को एयर इंडिया की दिल्ली से रांची जाने वाली फ्लाइट AI 9695 तकनीकी खराबी के कारण वापस दिल्ली लौट गई। फ्लाइट को शाम 6:20 बजे बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर उतरना था। लेकिन टेकऑफ के बाद कुछ तकनीकी समस्या आ गई। इसलिए उसे वापस दिल्ली भेज दिया गया। फ्लाइट ने दिल्ली से शाम 4:25 बजे उड़ान भरी थी। बता दें, 12 जून को एयर इंडिया की फ्लाइट अहमदाबाद में क्रैश हो गई थी।
बिरसा मुंडा एयरपोर्ट के अधिकारियों ने इस खबर की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि फ्लाइट को तकनीकी कारणों से वापस दिल्ली भेजा गया है। इसका मतलब है कि दिल्ली से रांची आने वाले पैसेंजर्स को अब रांची पहुंचने के लिए दूसरी फ्लाइट का इंतजार करना होगा। तकनीकी खराबी क्या थी, यह अभी पता नहीं चला है। एयर इंडिया ने भी इस बारे में कोई जानकारी नहीं दी है। हालांकि अच्छी बात यह है कि फ्लाइट सुरक्षित रूप से दिल्ली लौट गई।
एयरपोर्ट अधिकारियों ने बताया कि तकनीकी खराबी के कारण विमान को वापस दिल्ली लौटना पड़ा है। अभी तक यह नहीं बताया गया है कि खराबी क्या थी।
हांगकांग-दिल्ली फ्लाइट में आई तकनीकि खराबी : इसके पहले सोमवार को एयर इंडिया की हांगकांग-दिल्ली फ्लाइट AI 315 में भी तकनीकी खराबी आ गई थी। उड़ान भरने के कुछ समय बाद ही इसे वापस हांगकांग लौटना पड़ा था। बाद में एयर इंडिया ने कहा कि विमान सुरक्षित रूप से उतर गया और सावधानी के तौर पर उसकी जांच की जा रही है। एयरलाइन ने एक बयान में कहा, ‘AI315 जो 16 जून 2025 को हांगकांग से दिल्ली के लिए उड़ान भर रही थी, तकनीकी समस्या के कारण उड़ान भरने के तुरंत बाद हांगकांग लौट आई। विमान हांगकांग में सुरक्षित रूप से उतर गया है। और एहतियात के तौर पर इसकी जांच की जा रही है।’
बता दें, 12 जून को एयर इंडिया का एक ड्रीमलाइनर विमान लंदन जा रहा था। अहमदाबाद से उड़ान भरने के कुछ मिनटों बाद ही वह दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में 242 यात्रियों और चालक दल सहित 270 से ज़्यादा लोगों की मौत हो गई। विमान एक मेडिकल कॉलेज परिसर में गिर गया था।
