पटना। भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज आकाशदीप अब मैदान के बाद जीवन की नई पारी शुरू करने जा रहे हैं। भारत के लिए 10 टेस्ट मैच खेल चुके सासाराम के इस क्रिकेटर का विवाह 24 जून को वाराणसी में होगा। आकाशदीप अपने ही जिले के डेहरी-आॅन-सोन स्थित मानिकपुर की अक्षिता के साथ सात फेरे लेंगे। बुधवार को आकाशदीप ने खेल मंत्री श्रेयशी सिंह से मुलाकत की। और अपने शादी का कार्ड भी दिया।

परिवार के करीबी लोगों के अनुसार विवाह समारोह भले ही वाराणसी में आयोजित होगा, लेकिन शादी से जुड़ी पारंपरिक रस्में आकाशदीप के पैतृक गांव बड्डी में ही संपन्न की जाएंगी। गांव में शादी को लेकर उत्सव जैसा माहौल बनने लगा है।

विवाह से पहले 21 जून को तिलक चढ़ाने की रस्म होगी। इसके बाद 22 जून को मेहंदी और 23 जून को हल्दी की रस्म अदा की जाएगी। इन कार्यक्रमों में परिवार, रिश्तेदारों और गांव के लोगों की बड़ी भागीदारी रहने की संभावना है।
आकाशदीप ने संघर्ष के दम पर भारतीय क्रिकेट टीम में जगह बनाई है। बिहार के सासाराम से निकलकर राष्ट्रीय टीम तक पहुंचने वाले आकाशदीप ने अपने प्रदर्शन से क्रिकेट जगत में अलग पहचान बनाई है।

भारत के लिए खेल चुके हैं 10 टेस्ट मैच : आकाशदीप अब तक भारत के लिए 10 टेस्ट मैच खेल चुके हैं। तेज गेंदबाजी के साथ निचले क्रम में उपयोगी बल्लेबाजी की क्षमता ने भी उन्हें खास पहचान दिलाई है। टीम इंडिया में उनकी मौजूदगी ने बिहार के युवा क्रिकेटरों को नई प्रेरणा दी है।

इंग्लैंड के खिलाफ खेला था आखिरी टेस्ट : आकाशदीप ने अपना आखिरी टेस्ट मैच इंग्लैंड के खिलाफ लंदन के द ओवल मैदान पर 31 जुलाई से 4 अगस्त 2025 के बीच खेला था। उस मुकाबले में उन्होंने दोनों पारियों में कुल तीन विकेट लिए थे, जबकि बल्ले से 66 रन का योगदान भी दिया था।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version