रामगढ़। झंडा चौक निवासी 35 वर्षीय एक युवक सुमित अग्रवाल पिता संतोष अग्रवाल की मंगलवार की देर रात अपराधियों ने चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई है। रामगढ़ थाना पुलिस ने बुधवार की सुबह करीब 8.30 बजे आवश्यक छानबीन करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। मृतक सुमित अग्रवाल के शरीर के कई हिस्से में तेज धारदार चाकू से हमला करने के निशान मिले है। शव शहर के गोलपार बगीचा से दामोदर नदी जाने वाले पीसीसी सड़क के किनारे पड़ा हुआ था। वहीं मृतक का चप्पल व नीले रंग का टीशर्ट घटनास्थल से करीब 300 गज दूरी पर अवस्थित सूर्य मंदिर के पास पड़ा हुआ था।

गांजा, विस्फोटक पदार्थ सहित प्रतिबंधित नशीले इंजेक्शन व दवाइयां बेचने सहित कई आपराधिक मामले में सुमित अग्रवाल जेल भी जा चुका है। जिले में सक्रिय अपराधिक गिरोह से भी उसका संबंध था। पुलिस की मुखबिरी भी करता था।

घटनास्थल पर पहुंचे मुख्यालय डीएसपी अकरम रजा, थाना प्रभारी इंस्पेक्टर नवीन प्रकाश पांडेय, एसआई राजेश मुंडा ने घटना की छानबीन करते हुए टीशर्ट व चप्पल जब्त कर लिया है। घटनास्थल पर पहुंचे मृतक युवक के ससुर विकास यादव ने पुलिस को बताया कि शाम से ही वह घर से गायब था।

शाम सात बजे के बाद लगातार उसके मोबाइल पर घरवालों ने कई फोन किया, लेकिन उसने फोन रिसीव नहीं किया। बाद में मोबाइल भी स्विच आॅफ हो गया। सुबह सूचना मिली कि सुमित का शव बगीचा के पास पड़ा हुआ है। उसने पुलिस को यह भी बताया कि सुमित अपने बजाज डिस्कवर बाइक लेकर घर से निकला था। वह भी गायब है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version