
पटना। बिहार स्टेट मिल्क को-ऑपरेटिव फेडरेशन लिमिटेड ने सुधा ब्रांड के दूध और दुग्ध उत्पादों की कीमतों में बढ़ोतरी की घोषणा की है। नई दरें 25 मई से लागू होंगी। काम्फेड के अनुसार उत्पादन लागत, पशु चारा, परिवहन और पेट्रोलियम पदार्थों की बढ़ती कीमतों के कारण यह फैसला लिया गया है।



नई दरों के अनुसार सुधा टोंड दूध का 500 मिली पैक 27 रुपये से बढ़कर 28 रुपये हो गया है। वहीं एक लीटर टोंड दूध अब 55 रुपये में मिलेगा।सुधा गोल्ड फुल क्रीम दूध का एक लीटर पैक 65 रुपये से बढ़कर 68 रुपये कर दिया गया है।
घी, पनीर और बटर भी हुए महंगे : दूध के अलावा अन्य दुग्ध उत्पादों की कीमतों में भी इजाफा किया गया है। 500 मिली घी का पीला पैक अब 325 रुपये में मिलेगा। 200 ग्राम पनीर की कीमत 85 रुपये से बढ़ाकर 95 रुपये कर दी गई है, जबकि बटर और टेबल बटर के दाम में भी वृद्धि हुई है।
दही, लस्सी और मिठाइयों के बढ़े दाम: दही, मिष्टी दही और लस्सी की कीमतों में भी बढ़ोतरी की गई है। एक किलो दही अब 78 रुपये में मिलेगा। वहीं रसगुल्ला, गुलाब जामुन, बालूशाही और मिल्क केक जैसी मिठाइयों के दाम भी बढ़ाए गए हैं।

