
मुंबई। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के ब्याज दरों में अधिक कटौती के लिए फेडरल रिजर्व में संभावित नेतृत्व परिवर्तन करने को लेकर जारी अटकलों से यूरोपीय बाजार में आई तेजी से उत्साहित निवेशकों की स्थानीय स्तर पर हुई चौतरफा लिवाली की बदौलत आज शेयर बाजार में तूफानी तेजी रही।



बीएसई का तीस शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 1000.36 अंक अर्थात 1.21 प्रतिशत की छलांग लगाकर करीब नौ महीने के उच्चतम स्तर 83 अंक के मनोवैज्ञानिक स्तर के पार 83755.87 अंक पर पहुंच गया। साथ ही नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी 304.25 अंक यानी 1.21 प्रतिशत उछलकर 25549 अंक पर बंद हुआ। इसी तरह बीएसई का मिडकैप 0.56 प्रतिशत मजबूत होकर 46,362.77 अंक और स्मॉलकैप 0.12 प्रतिशत बढ़कर 53,960.57 अंक हो गया।
आज शेयर बाजार में आई मजबूती के कारण स्टॉक मार्केट के निवेशकों की संपत्ति में करीब साढ़े तीन लाख करोड़ रुपये का इजाफा हो गया। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैपिटलाइजेशन आज के कारोबार के बाद बढ़ कर 457.45 लाख करोड़ रुपये (अस्थाई) हो गया। जबकि पिछले कारोबारी दिन यानी बुधवार को इनका मार्केट कैपिटलाइजेशन 454.01 लाख करोड़ रुपये था। इस तरह निवेशकों को आज के कारोबार से करीब 3.44 लाख करोड़ रुपये का मुनाफा हो गया।
इस दौरान बीएसई में कुल 4153 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ, जिनमें से 2097 में लिवाली जबकि 1900 में बिकवाली हुई वहीं 156 में कोई बदलाव नहीं हुआ। इसी तरह एनएसई में कारोबार के लिए रखी गई कुल 2975 कंपनियों के शेयरों में से 1474 में तेजी जबकि 1397 में गिरावट रही वहीं 104 में टिकाव रहा।
विश्लेषकों के अनुसार, गुरुवार को डॉलर तीन साल के निचले स्तर पर आ गया जबकि वैश्विक शेयर बाजारों ने बीते तीन दिनों में दूसरी बार नया रिकॉर्ड उच्च स्तर हासिल किया। इसकी वजह अमेरिकी फेडरल रिजर्व में संभावित नेतृत्व परिवर्तन को लेकर अटकलें बताई जा रही हैं।
अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप फेडरल रिजर्व के मौजूदा अध्यक्ष जेरोम पॉवेल की जगह जल्द ही नया चेहरा नियुक्त करने पर विचार कर रहे हैं। कहा जा रहा है कि श्री ट्रम्प फेड से ब्याज दरों में तेजी से कटौती करने की मांग कर रहे हैं और इसी दिशा में अगले कुछ महीनों में पॉवेल का विकल्प चुनने की योजना बना रहे हैं। इस अटकल के बाद निवेशकों ने अमेरिकी ब्याज दरों में संभावित कटौती पर दांव लगाना शुरू कर दिया, जिससे डॉलर में भारी बिकवाली देखी गई। वहीं, वैश्विक शेयर बाजारों में तेजी का रुख बना रहा और बाजार नई ऊंचाइयों पर पहुंच गए।
इससे बीएसई में फोकस्ड आईटी, आईटी और रियल्टी में 1.04 प्रतिशत की गिरावट को छोड़कर अन्य 18 समूहों में तेजी रही। इस दौरान कमोडिटीज 1.39, सीडी 0.42, ऊर्जा 1.68, एफएमसीजी 0.61, वित्तीय सेवाएं 1.25, हेल्थकेयर 0.28, इंडस्ट्रियल्स 0.58, दूरसंचार 0.80, यूटिलिटीज 1.24, आॅटो 0.51, बैंकिंग 0.95, कैपिटल गुड्स 0.36, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स 0.79, धातु 2.28, तेल एवं गैस 1.88, पावर 1.13, टेक 1.13 और सर्विसेज समूह के शेयर 0.88 प्रतिशत चढ़ गए।
शुरूआती कारोबार में सेंसेक्स 127 अंक की बढ़त लेकर 82,882.92 अंक पर खुला लेकिन बिकवाली होने से थोड़ी देर बाद ही 82,816.26 अंक के निचले स्तर तक लुढ़क गया। वहीं, लिवाली होने से कारोबार के अंतिम चरण में यह 83,812.09 अंक के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया। अंत में पिछले दिवस के 82,755.51 अंक के मुकाबले 1.21 प्रतिशत मजबूत होकर 83755.87 अंक पर पहुंच गया।
इसी तरह निफ्टी 24 अंक बढ़कर 25,268.95 अंक पर खुला और सत्र के दौरान 25,259.90 अंक के निचले जबकि 25,565.30 अंक के उच्चतम स्तर पर रहा। अंत में पिछले सत्र के 25,244.75 अंक की तुलना में 1.21 प्रतिशत चढ़कर 25,549.00 अंक पर बंद हुआ।
सेंसेक्स की मुनाफा कमाने वाली कंपनियों में टाटा स्टील 2.62, बजाज फाइनेंस 2.50, भारती एयरटेल 2.48, अदानी पोर्ट्स 2.46, इटरनल 2.45, एचडीएफसी बैंक 2.16, बजाज फिनसर्व 2.09, एनटीपीसी 1.92, रिलायंस 1.90, अल्ट्रासिम्को 1.80, एक्सिस बैंक 1.78, टाटा मोटर्स 1.28, एलटी 1.17, टाइटन 1.14, बीईएल 1.06, आईसीआईसीआई बैंक 1.03, पावरग्रिड 1.02, आईटीसी 0.96, कोटक बैंक 0.48, एशियन पेंट 0.31 और एचसीएल टेक 0.17 प्रतिशत शामिल रही।
वहीं, ट्रेंट 0.40, एसबीआई 0.39, टेक महिंद्रा 0.39, मारुति 0.36, टीसीएस 0.12, सन फार्मा 0.07 और इंफोसिस के शेयर 0.03 प्रतिशत नुकसान में रहे।

