
रांची। राजधानी रांची में बढ़ती आपराधिक घटनाओं के बीच कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए रांची के वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) राकेश रंजन शुक्रवार देर रात करीब दो बजे खुद सड़कों पर उतर आए। उन्होंने शहर के विभिन्न इलाकों में गश्त कर रही पुलिस टीमों का औचक निरीक्षण किया और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने पीसीआर वाहनों और हाईवे पेट्रोलिंग टीमों की गतिविधियों की जांच की। इसी क्रम में पीसीआर-2 में प्रतिनियुक्त सहायक अवर निरीक्षक (एएसआई) दिलीप रजक को अपने कर्तव्यों का सही ढंग से निर्वहन करते नहीं पाया गया। इस पर कार्रवाई करते हुए एसएसपी ने एएसआई दिलीप रजक को ड्यूटी में लापरवाही बरतने के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
एसएसपी राकेश रंजन ने मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों और जवानों को निर्देश देते हुए कहा कि रात की गश्त शहर में अपराध पर नियंत्रण और आम नागरिकों की सुरक्षा के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि ड्यूटी के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। एसएसपी ने पेट्रोलिंग और गश्ती में तैनात पुलिसकर्मियों को पूरी सजगता और सतर्कता के साथ अपने कर्तव्यों का पालन करने का निर्देश दिया, ताकि शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखी जा सके।
उल्लेखनीय है कि हाल के दिनों में राजधानी के विभिन्न इलाकों में अपराध की कई घटनाएं सामने आई हैं। दो दिन पहले कांके क्षेत्र में जमीन विवाद को लेकर पाहन राजेंद्र मुंडा की हत्या कर दी गई थी। इसके अलावा तमाड़ इलाके में भी धारदार हथियार से हमला कर एक युवक की हत्या कर दी गई थी। इसी तरह एयरपोर्ट थाना क्षेत्र में अपराधियों ने एक होटल में घुसकर होटल संचालक के भाई की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इन घटनाओं की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी लगातार अपराध नियंत्रण को लेकर पुलिस अधिकारियों को दिशा-निर्देश दे रहे हैं और सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए लगातार निगरानी कर रहे हैं।
