
रामगढ़। रामगढ़ एसपी मुकेश कुमार लुनायत के द्वारा चलाए गए आॅपरेशन भरोसा ने आम जनता के दिलों पर अमिट छाप छोड़ दी है। बुधवार को जब वे शहर के टाउन हॉल में खोए हुए मोबाइल वास्तविक मालिकों को सौंप रहे थे तो वहां का माहौल बेहद सुकून भरा हो गया। हर व्यक्ति जो पिछले कई महीनों और यहां तक कि सालों से अपने गुम हुए मोबाइल की मिलने की उम्मीद छोड़ चुका था, उसके हाथों में एसपी मोबाइल थमा रहे थे। मोबाइल मिलते ही लोगों की आंखों में खुशी के आंसू छलक आए। कई लोगों ने एसपी को तहे दिल से शुक्रिया कहा, तो कुछ लोगों की आवाज ही भर-भरा गई और शब्द निकल न सके। कुछ लोगों ने तो उनके पैर छूकर उन्हें धन्यवाद देने की कोशिश की। रामगढ़ जिले में पिछले 1 वर्ष में जितने मोबाइल चोरी और गुम होने की शिकायतें दर्ज थी, एसपी ने उसपर जबरदस्त पहल की। उन्होंने टाउन हॉल में 125 वास्तविक मालिकों को उनका खोया हुआ मोबाइल वापस लौटा दिया।
एसपी मुकेश कुमार लुनायत ने कहा कि आॅपरेशन भरोसा का नाम तब चरितार्थ होगा, जब जनता सही मायने में पुलिस पर शत प्रतिशत भरोसा करेगी। वह अपने स्तर से कई पहल कर रहे हैं, इसका मुख्य उद्देश्य यह है कि जनता और पुलिस के बीच की दूरी खत्म हो। उन्होंने सीईआईआर पोर्टल के बारे में भी लोगों को जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इसका अधिक से अधिक इस्तेमाल करें। गुम हुए मोबाइल को इस ऐप के साथ ट्रैक कर सकते हैं और उसे ब्लॉक भी कर सकते हैं। जब वापस मिल जाए तो उसे अनब्लॉक कर उसका इस्तेमाल भी कर सकते हैं। उन्होंने 125 मोबाइल की बरामद की में टेक्निकल सेल के योगदान को भी काफी सराहा।
आॅपरेशन भरोसा के तहत रामगढ़ जिले के सभी थाना प्रभारी, ओपी प्रभारी ने गुम और चोरी हुए मोबाइल की तलाश काफी शिद्दत से की। जिले के बाहर रांची, हजारीबाग, चतरा, बोकारो, पलामू, गढ़वा और अन्य जिलों से भी मोबाइल बरामद कर रामगढ़ लाए गए। रामगढ़ थाना प्रभारी ने 30, रजरप्पा थाना प्रभारी ने 09, पतरातू थाना प्रभारी ने 14, मांडू थाना प्रभारी ने 10, गोला थाना प्रभारी ने 20, भुरकुंडा ओपी प्रभारी ने 09, भदानी नगर ओपी प्रभारी ने 07, बरकाकाना ओपी प्रभारी ने 02, बासल थाना ने 03, बरलंगा थाना ने 05, कुजू ओपी ने 10 और वेस्ट बोकारो ओपी प्रभारी ने 06 मोबाइल बरामद कर वास्तविक उपभोक्ता को सौंपा। एसपी मुकेश कुमार लुनायत ने सभी लोगों को सड़क सुरक्षा, नशा के दुष्प्रभाव, साइबर सुरक्षा और साइबर अपराधों से बचाव के विस्तृत जानकारी दी। साथ ही सड़क सुरक्षा और नशा मुक्ति की शपथ भी दिलाई।
कार्यक्रम में रामगढ़ एसडीपीओ आलोक रंजन, पतरातू एसडीपीओ राघवेंद्र शर्मा, मुख्यालय डीएसपी अकरम राजा, रामगढ़ थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर नवीन प्रकाश पांडे, रजरप्पा थाना प्रभारी कृष्ण कुमार, यातायात थाना प्रभारी गजेंद्र पांडे, पतरातू अंचल पुलिस निरीक्षक रजत कुमार, गोला पुलिस निरीक्षक पंकज कुमार, भुरकुंडा ओपी प्रभारी उपेंद्र कुमार, बरकाकाना ओपी प्रभारी उमाशंकर वर्मा सहित अन्य मौजूद थे।
