
नयी दिल्ली। केरल में अगले 24 घंटे में दक्षिण-पश्चिम मानसून के दस्तक देने के आसार बने हुये हैं। मौसम विभाग ने बुधवार को यह जानकारी दी। मौसम विभाग ने मानसून की प्रगति और देश भर के मौसम को लेकर विस्तृत प्रेस विज्ञप्ति में बताया है कि इस समय दक्षिण-पश्चिम मानसून के दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-पूर्व अरब सागर, लक्षद्वीप, केरल, तमिलनाडु और बंगाल की खाड़ी के कुछ और हिस्सों में आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां पूरी तरह अनुकूल बनी हुई हैं। इसके प्रभाव से अगले छह से सात दिनों के दौरान केरल में अलग-अलग स्थानों पर अत्यधिक बारिश (सात से 20 सेंटीमीटर तक) होने का प्रबल अनुमान है। इसके अलावा तमिलनाडु और कर्नाटक के कुछ हिस्सों में भी भारी बारिश की चेतावनी जारी की गयी है।इसके प्रभाव से अगले छह से सात दिनों के दौरान केरल में अलग-अलग स्थानों पर अत्यधिक बारिश (सात से 20 सेंटीमीटर तक) होने का प्रबल अनुमान है। इसके अलावा तमिलनाडु और कर्नाटक के कुछ हिस्सों में भी भारी बारिश की चेतावनी जारी की गयी है। विभाग ने आगाह किया है कि इस सप्ताह उत्तर-पश्चिम, मध्य, पूर्वी और दक्षिणी प्रायद्वीपीय भारत के कई हिस्सों में गरत के साथ बिजली चमकने तथा 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के आसार हैं। पिछले 24 घंटों में अंडमान और निकोबार द्वीप समूह तथा उत्तरी आंतरिक कर्नाटक में बहुत भारी बारिश दर्ज की गयी, जबकि मध्य महाराष्ट्र, असम, मेघालय, तमिलनाडु, केरल और तेलंगाना में भारी बारिश हुई। इसके साथ ही उत्तराखंड और पश्चिमी मध्य प्रदेश में 70-95 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ आंधी-तूफान आया। जम्मू-कश्मीर, अंडमान-निकोबार, ओडिशा, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, गुजरात और तमिलनाडु में हवा की रफ्तार 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे रही, जबकि पश्चिम बंगाल, बिहार, हिमाचल प्रदेश और सौराष्ट्र में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं। इस दौरान पश्चिमी मध्य प्रदेश में ओलावृष्टि हुई, जबकि पश्चिमी राजस्थान में धूल भरी आंधी आयी।




