
जहानाबाद । बेटा कैसे हो, ठीक हूं मम्मी। मैं फ्री होकर आपके बात करता हूं। अभी थोड़ी जल्दबाजी में हूं। एक घंटे में फ्री हो जाऊंगा, तब आपसे आराम से बात करूंगा… फ्लाइट लेफ्टिनेंट शुभम कुमार की शनिवार को वीडियो कॉल पर मां से हुई ये आखिरी बातचीत थी। मां को इंतजार था कि बेटा फ्री होकर एक घंटे बाद फिर से वीडियो कॉल पर बात करेगा। थोड़ी देर बाद ही समाचार मिलता है कि असम के जोरहाट वायुसेना स्टेशन पर भारतीय वायुसेना का परिवहन विमान (एएन -32) दुर्घटनाग्रस्त हो गया है। इसमें वायुसेना के पांच जवान शहीद हो गए। इनमें बिहार के जहानाबाद के फ्लाइट लेफ्टिनेंट शुभम कुमार भी हैं।
मां कर रही थी बेटे के वीडियो कॉल आने की इंतजार
जैसे ही बेटे की शहादत की खबर परिवार को मिली पूरा परिवार टूट गया। मां जो बेटे के वीडियो कॉल का इंतजार कर रही थी, दहाड़ मारकर रोने लगीं। वो बस एक ही बात बोल रही थीं, ‘शुभम ने कहा था कि वो एक घंटे बाद वीडियो कॉल करेगा। अब वो हमें छोड़कर चला गया है।’ बता दें, शुभम कुमार 2021 में भारतीय वायुसेना में फ्लाइंग ऑफिसर के रूप में जॉइन किया था।
शुभम कुमार मूल रूप से बिहार के जहानाबाद जिले के हुलासगंज थाना क्षेत्र के के बनवरिया गांव के रहने वाले हैं। शुभम के पिता अमरेंद्र आनंद किसान हैं, जबकि मां गृहिणी हैं। शुभम का परिवार बनवरिया गांव में ही रहता है। शुभम के परिजनों ने बताया कि शनिवार सुबह करीब 9 बजे ही शुभम ने घर पर वीडियो कॉल किया था। उन्होंने मां से बात की थी। इस दौरान उन्होंने कहा था कि अभी थोड़ी जल्दबाजी में हूं, फ्री होने के बाद आराम से बात करूंगा।
सीएम सम्राट चौधरी ने जताया दुख
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने जोरहाट में विमान दुर्घटना में वायुसेना के पांच कर्मियों की मौत पर शोक व्यक्त किया और कहा कि देश उनके साहस, समर्पण और सर्वोच्च बलिदान को सलाम करता है।

