पटना। सरकार जीविका दीदियों की मदद से लोगों को घरों में सौर ऊर्जा यंत्र लगाने के लिए प्रेरित करेगी। इसके लिए जीविका दीदियों को प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शुक्रवार को 50 लाख घरों में मुफ्त सौर ऊर्जा यंत्र लगाने की घोषणा की। वे विश्व पर्यावरण दिवस पर पौधरोपण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने जेपी गंगा पथ समग्र उद्यान परियोजना अंतर्गत एक लाख पौधरोपण अभियान का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने कहा जिन लोगों के यहां सोलर युक्त बिजली उत्पादन 125 यूनिट से अधिक होगा, उनसे राज्य सरकार बिजली खरीदेगी और राशि उनके खाते में भेज दी जाएगी। इस प्रकार यह आमदनी का एक माध्यम भी बनेगा। उन्होंने कहा कि बिहार में पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना को धरातल पर उतारने की दिशा में तेजी से काम आगे बढ़ रहा है। हम वित्त मंत्री के रूप में भी काम कर चुके हैं। बिहार में बिजली उपभोक्ताओं को अनुदान के रूप में सरकार 23000 करोड रुपये दे रही है।उन्होंने कहा कि अनुदान की इतनी बड़ी राशि बिजली उपभोक्ताओं को देश में कहीं नहीं दिया जाता है। बिहार का बजट 3,47,000 करोड़ रुपये का है जिसमें हमारा अपना संसाधन 60 से 70 हजार करोड़ रुपया है। इनमें से एक तिहाई राशि बिजली उपभोक्ताओं को सब्सिडी के रूप में दी जा रही है।उन्होंने कहा कि हम लोग सोलर युक्त बिजली उत्पादन यंत्र को सभी लोगों के घरों पर अधिष्ठापित करने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। पहले चरण में पांच लाख लोगों के घरों की छतों पर सौर ऊर्जा यंत्र लगाए जाएंगे। पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत लोगों के घरों की छतों पर लगने वाले प्रत्येक सौर ऊर्जा प्लेट पर आने वाली लागत में भारत सरकार 33000 रुपये की सहयोग राशि उपलब्ध देगी, जबकि शेष राशि राज्य सरकार वहन करेगी।उन्होंने कहा कि इसके लिए यदि लोन लेने की आवश्यकता पड़ेगी तो लिया जाएगा। भारत सरकार का भी सहयोग मिल रहा है। अगले दो वर्षों में 50 लाख परिवारों तक सौर ऊर्जा उत्पादित बिजली पहुंचाना है।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी लगातार पर्यावरण की चिंता करते रहते हैं। हम सभी को पर्यावरण की सुरक्षा के प्रति सतत प्रयत्नशील रहना चाहिए। प्रधानमंत्री भारत को विकसित बनाने की दिशा में लगातार काम कर रहे हैं, वह काफी प्रेरणादायी है। पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार को संवारने का काम किया है। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी के अतिरिक्त कई मंत्री एवं शासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।मां के नाम पर एक पेड़ अवश्य लगाएं : मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जेपी गंगा पथ पर समग्र उद्यान परियोजना अंतर्गत एक लाख पौधरोपण अभियान की शुरूआत हुई है। पहल से आने वाले समय में जेपी गंगा पथ आक्सीजन का केंद्र बनेगा। जीवन के लिए आक्सीजन सबसे महत्वपूर्ण है इसलिए पर्यावरण संरक्षण को लेकर हम सभी को काम करने की आवश्यकता है। सीएम ने कहा कि हम सभी मिलकर अधिक से अधिक पेड़ लगाए तभी जीवन सुरक्षित रहेगा। जेपी गंगा पथ पर जागिंग ट्रैक बनाया गया है। जीवन चक्र को आगे बढ़ाने के लिए आक्सीजन और आक्सीजन के लिए पौधरोपण आवश्यक है। इसलिए अधिक से अधिक पेड़ लगाना हम सभी का दायित्व है।बिहार में एनडीए की सरकार ने 43 करोड़ पौधरोपण कराया है जिससे हरित आवरण बढ़ा है। सभी से आग्रह है कि अपनी मां के नाम एक पेड़ अवश्य लगाएं। जिनकी मां स्वर्गवासी हो गई हैं उनकी याद में पेड़ लगाएं, ताकि पर्यावरण संरक्षित और विश्व सुरक्षित हो।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version