नई दिल्ली । दिल्ली के निहाल विहार इलाके के लक्ष्मी पार्क में शुक्रवार को एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर की उसके घर में पीट-पीटकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान 31 साल के विनय कुमार गुप्ता के रूप में हुई है। मृतक के परिवार वालों ने हत्या का आरोप उसके ससुराल वालों पर लगाया है। बताया जा रहा है कि विनय का उसकी पत्नी से विवाद चल रहा था। विवाद को बातचीत के जरिये सुलझाने के लिए शुक्रवार को सुबह ससुराल पक्ष के छह लोग घर आए थे। आरोप है कि बातचीत के दौरान उन्होंने विनय पर हमला कर दिया। मृतक के परिवार वालों ने बताया कि शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे विनय के ससुराल से छह लोग उसके घर पहुंचे। उस समय विनय की पत्नी और परिवार के अन्य सदस्य भी कमरे में मौजूद थे। विनय की मां घर आए मेहमानों के लिए पानी और नाश्ता लेने के लिए गई थी। इसी दौरान कमरे में मौजूद ससुराल पक्ष के लोगों ने विनय के साथ मारपीट शुरू कर दी।

नोएडा की कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर था विनय : विनय की मां ने बेटे को बचाने की कोशिश की। मां ने चिल्लाकर मदद की गुहार लगाई। गंभीर रूप से घायल विनय को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। विनय के पिता ने बताया कि उनका बेटा नोएडा स्थित एक कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर था।

पति-पत्नी के बीच छोटी-छोटी बातों को लेकर था विवाद : करीब चार वर्ष पहले उसकी शादी हुई थी और उसके दो जुड़वा बच्चे हैं। उन्होंने कहा कि पति-पत्नी के बीच छोटी-छोटी बातों को लेकर विवाद चल रहा था। परिवार को उम्मीद थी कि बातचीत से मामला सुलझ जाएगा, लेकिन विवाद इस हद तक बढ़ गया कि बेटे की जान चली गई। घटना की सूचना मिलते ही निहाल विहार थाना पुलिस मौके पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर अपने कब्जे में लिए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस उपायुक्त विक्रम सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की जांच करने के बाद हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने पत्नी, उसके दो भाई समेत चार आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version