रामगढ़। झारखंड के रामगढ़ जिले के हथमारा गांव स्थित भारतीय जनता पार्टी के कार्यालय में पदाधिकारियों के साथ बैठक करने के बाद केंद्रीय कृषि मंत्री सह झारखंड चुनाव प्रभारी शिवराज सिंह चौहान ने प्रदेश की सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि झामुमो और कांग्रेस की सरकार ने पूरे प्रदेश को अंधकार में धकेल दिया है। एक भी वादा पूरा नहीं किया। बेरोजगारों की सुध लेने वाला कोई नहीं।

शिवराज ने कहा कि बेरोजगारी भत्ता नहीं मिला। छह महीने से पेंशन का भुगतान नहीं हुआ। जिन योजनाओं की घोषणा हुई, इसका लाभ लोगों को नहीं मिल रहा। किसान त्रस्त हैं। बिजली कटौती चरम पर है। अब ऐसे कुशासन का अंत निश्चित है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी झारखंड में सुशासन लाएगी और यहां की जनता ने भी अब यह मन बना लिया है। चुनाव प्रभारी ने कहा कि लोकसभा चुनाव में 14 में नौ सीटें भारतीय जनता पार्टी और उनके गठबंधन की पार्टी ने जीती है जबकि 52 विधानसभा सीटों पर भाजपा और गठबंधन दल को बढ़त मिली है। यहां की जनता अराजकता के बीच जी रही है।

सत्ता के भूखे हेमंत ने चम्पाई को हटाया : शिवराज ने हेमंत सोरेन को सत्ता का भूखा कहा। उन्होंने कहा कि जिस आदिवासी नेता चम्पाई सोरेन को मुख्यमंत्री पद पर आसीन किया उन्हें वह कुछ और महीने बर्दाश्त नहीं कर पाए। इससे हेमंत सोरेन ने यह साबित कर दिया कि परिवार के अलावा कोई और इस सत्ता के बीच नहीं आना चाहिए।

विचारधारा आत्मा है तो कार्यकर्ता प्राण : शिवराज ने कहा कि भाजपा की विचारधारा इसकी आत्मा है और कार्यकर्ता उसके प्राण हैं। उन्हें सम्मान देना हमारा स्वभाव भी है। उन्होंने कहा कि मैं हमेशा कार्यकतार्ओं के बीच जाता हूं और उनके साथ ही नाश्ता और भोजन करता हूं। मेरा सौभाग्य है कि झारखंड की इस पवित्र धरा पर आने का अवसर मिला। इसी संकल्प के साथ कार्यकतार्ओं के बीच आया हूं। सहज, सरल और परिश्रमी इन्हीं कार्यकतार्ओं के बल पर हम यहां भाजपा की सरकार बनाएंगे।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version