
रामगढ़। रामगढ़-बोकारो मुख्य मार्ग पर लारी गांव के समीप गुरुवार देर रात लगभग साढ़े 11 बजे ट्रक और पिकअप वाहन के बीच हुई आमने-सामने की टक्कर में पिकअप पर सवार सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को उपचार के लिए पहले रामगढ़ सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए रांची रिम्स रेफर कर दिया गया। जानकारी के अनुसार सभी ताशा पार्टी के सदस्य थे और मुहर्रम पर्व में कार्यक्रम संपन्न करने के बाद गांव लौट रहे थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप के परखच्चे उड़ गए।



पुलिस ने ट्रक को जब्त कर जांच शुरू कर दी है। ट्रक का चालक फरार बताया जाता है। बताया जा रहा है कि ताशा पार्टी में शामिल दो युवक रामगढ़ के रजरप्पा थाना क्षेत्र के मारंगमरचा गांव तथा पांच कुजू के बलसगरा गांव के निवासी थे। सभी की उम्र 35 से 40 वर्ष के बीच थी। जैसे ही उनका पिकअप वाहन लारी बुध बाजार के पास होटल सम्राट के निकट पहुंचा विपरीत दिशा से तेज गति से आ रहे बेकाबू ट्रक ने सामने से जोरदार टक्कर मार दी।
पुलिस के अनुसार पिकअप (जेएच 02क्यू-8268) ताशा पार्टी के लोगों को लेकर गोला से रामगढ़ की ओर जा रहा था, जबकि कोयला लदा एलपी ट्रक (जेएच02एए -4786) तेज रफ्तार में दूसरी दिशा से आ रहा था। इधर, घटना के बाद संबंधित मार्ग पर जहां शुक्रवार की अल सुबह तक दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लगी रही, वहीं मुआवजे और गाड़ियों की तेज रफ्तार पर रोक लगाने की मांग को लेकर ग्रामीण प्रदर्शन करते रहे।

