
नई दिल्ली। घर-घर होम्योपैथी अभियान के अंतर्गत होम्योपैथिक चिकित्सा जगत के वरिष्ठ चिकित्सकों, शिक्षकों एवं मार्गदर्शकों के सम्मान में गुरु श्री सम्मान कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया जा रहा है। यह विशेष आयोजन अखिल भारतीय चिकित्सक एसोसिएशन एवं रिजॉइस हेल्थ फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में 5 जुलाई को अमेरिक्स सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल, सेक्टर-19, द्वारका, नई दिल्ली में आयोजित होगा।
कार्यक्रम का उद्देश्य उन वरिष्ठ चिकित्सकों के अमूल्य योगदान को सम्मानित करना है, जिन्होंने अपने ज्ञान, अनुभव, सेवा और समर्पण के माध्यम से होम्योपैथी चिकित्सा को जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। आयोजन में देशभर के सैकड़ों प्रतिष्ठित एवं अनुभवी होम्योपैथिक चिकित्सक सहभागिता करेंगे तथा अपने दशकों के अनुभव, चिकित्सा यात्रा और प्रेरणादायी विचारों को युवा चिकित्सकों के साथ साझा करेंगे।
आयोजकों का मानना है कि गुरु केवल ज्ञान के स्रोत नहीं, बल्कि समाज और चिकित्सा जगत के मार्गदर्शक स्तंभ होते हैं। उनके अनुभव और मार्गदर्शन से नई पीढ़ी के चिकित्सकों को सेवा, नैतिकता और उत्कृष्ट चिकित्सा की प्रेरणा प्राप्त होती है। इसी भावना को सशक्त बनाने के उद्देश्य से इस सम्मान समारोह की परिकल्पना की गई है।
अखिल भारतीय चिकित्सक एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. डी.सी. प्रजापति ने कहा कि यह आयोजन केवल सम्मान समारोह नहीं, बल्कि होम्योपैथी चिकित्सा जगत में गुरु-शिष्य परंपरा को सशक्त करने और वरिष्ठ चिकित्सकों के अनुभवों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का एक ऐतिहासिक प्रयास है। वहीं रिजॉइस हेल्थ फाउंडेशन के ग्लोबल प्रेसिडेंट डॉ. नवल कुमार वर्मा ने कहा कि समाज और चिकित्सा क्षेत्र को दिशा देने वाले गुरुओं के प्रति सम्मान व्यक्त करना प्रत्येक चिकित्सक का नैतिक दायित्व है।
कार्यक्रम के सफल संचालन हेतु एक विशेष कोआॅर्डिनेटर टीम का गठन किया गया है।जिसमें अखिल भारतीय चिकित्सक एसोसिएशन के डॉ. ए .के गुप्ता , डॉ. नितिका बंसल,डॉ. कल्पना कुशवाह,डॉ. अश्वनी कुमार गुप्ता, डॉ. हरप्रीत आनंद,डॉ. पूनम चाबलानी, डॉ. हुमा आरिफ, डॉ. कविता बिष्ट, , डॉ. अमित सचान, डॉ. श्वेता वर्मा, डॉ. हुकुम चंद, डॉ. आराध्या गुप्ता, डॉ. अनुज कुमार, , डॉ. रोली प्रेमलानी, , डॉ. जैथा, डॉ. धर्मेंद्र गौतम, डॉ. क्षिति, , डॉ. सुचरिता पिकासो, डॉ. गुनीत पाल सिंह, डॉ. अवनीत कौर, डॉ. अर्चना मीणा एवं डॉ. सुरभि शामिल हैं।इसके अतिरिक्त रिजॉइस हेल्थ फाउंडेशन और अमरिक्स हॉस्पिटल द्वारका की पिंकी सहित अनेक समर्पित चिकित्सक और पदाधिकारी भी कार्यक्रम की तैयारियों में सक्रिय सहयोग प्रदान कर रहे हैं। आयोजकों ने देशभर के वरिष्ठ होम्योपैथिक चिकित्सकों से इस गौरवशाली आयोजन में सहभागिता कर इसे सफल बनाने की अपील की है।
