
नई दिल्ली। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह रूस द्वारा नौ मई को मॉस्को में आयोजित विक्टरी डे परेड में शामिल नहीं होंगे। उनके स्थान पर केंद्रीय रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ वहां भारत का प्रतिनिधित्व कर सकते हैं।
आधिकारिक सूत्रों ने शनिवार को यह जानकारी दी। मॉस्को में नौ मई को आयोजित होने वाले समारोह में रक्षा राज्य मंत्री सेठ को भेजने का कदम पहलगाम आतंकी हमले को लेकर भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव मद्देनजर उठाया गया है। रूस ने द्वितीय विश्व युद्ध में जर्मनी पर सोवियत विजय की 80वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित विक्टरी डे परेड के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आमंत्रित किया था, लेकिन यह निर्णय लिया गया कि सिंह इसमें शिरकत करेंगे।
