
नई दिल्ली। इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के अध्यक्ष सैम पित्रोदा द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ किए जाने के बाद पीएम मोदी ने भी गर्मजोशी से प्रतिक्रिया दी है। प्रधानमंत्री ने पित्रोदा और उनकी पत्नी अंजना को दीपावली एवं नूतन वर्ष की शुभकामनाएं दीं।



प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने समाचार एजेंसी आईएएनएस की एक्स पोस्ट को रीपोस्ट करते हुए लिखा, “सैम भाई और अंजना बेन को दीपावली और नूतन वर्ष की हार्दिक शुभकामनाएं। आने वाला वर्ष आनंदमय और स्वस्थ रहे, यही प्रार्थना है। जय जगन्नाथ।”
दरअसल, आईएएनएस को दिए एक विशेष साक्षात्कार में सैम पित्रोदा ने प्रधानमंत्री मोदी को कुशल वक्ता और मेहनती व्यक्ति बताया था। उन्होंने कहा कि राजनीतिक और वैचारिक मतभेदों के बावजूद व्यक्तिगत तौर पर उनके मन में प्रधानमंत्री के प्रति सम्मान है।
पित्रोदा ने कहा कि मोदी उनके गुजराती मित्र हैं और व्यक्तिगत रूप से बेहद आत्मीय, दयालु, स्नेही तथा दूसरों का ख्याल रखने वाले इंसान हैं। उन्होंने यह भी बताया कि उनकी पत्नी और वह प्रधानमंत्री से मुलाकात कर चुके हैं और गुजरात में कई बार उनके घर भी जा चुके हैं।
कांग्रेस नेता ने स्पष्ट किया कि प्रधानमंत्री के साथ उनका कोई व्यक्तिगत मतभेद नहीं है। हालांकि, दुनिया को देखने के नजरिए और उनकी विचारधारा से असहमति हो सकती है, लेकिन इसे व्यक्तिगत संबंधों से जोड़कर नहीं देखना चाहिए।
उन्होंने कहा कि वैचारिक रूप से असहमत होने के बावजूद प्रधानमंत्री के साथ बैठकर भोजन करना, बातचीत करना और हंसी-मजाक करना संभव है। पित्रोदा के इस बयान के बाद प्रधानमंत्री मोदी की ओर से दीपावली और नववर्ष की शुभकामनाएं दिए जाने को दोनों नेताओं के बीच व्यक्तिगत सौहार्द के तौर पर देखा जा रहा है।

