
चतरा। झारखंड के चतरा जिले में अपराधियों ने एक बार फिर कोयलांचल क्षेत्र में दहशत फैलाने की कोशिश की है। टंडवा थाना क्षेत्र के आम्रपाली कोल परियोजना अंतर्गत होन्हे गांव में एवीएस कोल ट्रांसपोर्टिंग कंपनी के कार्यालय पर बुधवार देर रात ताबड़तोड़ फायरिंग की गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। इस वारदात की जिम्मेदारी गैंगस्टर राहुल दुबे ने सोशल मीडिया पर प्रेस विज्ञप्ति जारी कर ली है।



जानकारी के अनुसार, बुधवार रात करीब 12:10 बजे बाइक सवार तीन अपराधी कंपनी के कार्यालय पहुंचे और गोलियां चलाकर फरार हो गए। कंपनी के मुंशी राजेश प्रसाद के मुताबिक, हमलावरों ने 10 से 12 राउंड फायरिंग की। हालांकि, चतरा के एसपी अनिमेष नैथानी ने शुरुआती जांच के आधार पर दो से तीन राउंड गोली चलने की पुष्टि की है। पुलिस ने घटनास्थल से खोखे भी बरामद किए हैं।
पीओ कार्यालय के पास हुई वारदात
सबसे गंभीर बात यह है कि फायरिंग की घटना आम्रपाली परियोजना के पीओ कार्यालय के ठीक बगल में हुई, जहां सीआईएसएफ के जवानों की तैनाती रहती है। इसके बावजूद अपराधियों ने बेखौफ होकर वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
सोशल मीडिया पर पर्चा जारी कर दी धमकी
घटना के बाद सोशल मीडिया पर जारी एक कथित प्रेस विज्ञप्ति में राहुल दुबे गैंग ने फायरिंग की जिम्मेदारी ली है। वायरल पर्चे में अमन साहू, मयंक सिंह, प्रकाश शुक्ला और राहुल दुबे गैंग का नाम भी सामने आया है। विज्ञप्ति में अर्श कुमार और आदित्य को धमकी देते हुए कथित तौर पर कहा गया है कि यदि उन्होंने फोन पर संपर्क कर मामले को नहीं सुलझाया, तो अगली बार कंपनी के कर्मचारियों, मुंशी और ड्राइवरों को निशाना बनाया जाएगा।
इसके अलावा इलाके के कोयला और बालू कारोबारियों के साथ जमीन के कारोबार से जुड़े लोगों को भी रंगदारी देने की धमकी दी गई है। हालांकि, सोशल मीडिया पर जारी इस दावे की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
एसपी की निगरानी में जांच, छापेमारी अभियान शुरू
घटना की सूचना मिलते ही चतरा एसपी अनिमेष नैथानी पुलिस टीम के साथ सक्रिय हो गए। आधी रात से ही मामले की निगरानी की जा रही है। टंडवा थाना पुलिस और सीआईएसएफ की संयुक्त टीम ने घटनास्थल के आसपास घेराबंदी कर जांच और छापेमारी अभियान शुरू कर दिया है।
इस घटना ने आम्रपाली कोल परियोजना सहित पूरे कोयलांचल क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है। पुलिस अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई में जुटी है।
