रांची। झारखंड विधानसभा चुनाव के पहले राज्य की 50 लाख से अधिक महिलाओं को हेमंत सोरेन ने बड़ा तोहफा दिया। सरकार ने मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना की राशि को 1000 रुपये को बढ़ाकर 2500 रुपये करने का फैसला लिया है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में सोमवार को हुई झारखंड कैबिनेट की बैठक में इस प्रस्ताव को मंजूरी दी गई।

कैबिनेट सचिव वंदना दादेल ने बैठक समाप्त होने के बाद पत्रकारों से बातचीत में कहा कि महिलाओं और बहनों को दिसंबर महीने से ये सम्मान राशि मिलेगी। उन्होंने बताया कि जिन महिलाओं को 1000 रुपये की राशि बैंक खाते में ट्रांसफर की जा रही थी, वह दिसंबर महीने से 2500 रुपये मिलेगी। इस योजना से करीब 900 करोड़ रुपये का अतिरिक्त वित्तीय भार पड़ेगा।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कैबिनेट की बैठक समाप्त होने के बाद पत्रकारों से बातचीत में उनकी सरकार घोषणाओं पर विश्वास नहीं करती, काम करने और फैसला लेने पर विश्वास करती है। यही कारण है कि मंईयां सम्मान योजना की राशि को 1000 रुपये से बढ़ाकर 2500 रुपये करने का फैसला लिया गया है। बीजेपी की ओर से सत्ता में वापसी को लेकर किए जा रहे दावे पर हेमंत सोरेन ने कहा कि अब राज्य में विपक्ष का ख्याली पुलाव पकने वाला नहीं है।

इससे पहले बीजेपी की ओर से गोगो दीदी योजना की ओर से महिलाओं को 2100 रुपये प्रति महीने की सहायता राशि दिए जाने की घोषणा की गई थी। लेकिन बीजेपी के पहले ही हेमंत सोरेन ने मंईयां सम्मान योजना की राशि को 1000 रुपये से बढ़ाकर 2500 रुपये कर महिला मतदाताओं को साधने की कोशिश की है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version