पटना। झारखंड राज्यसभा चुनाव के नतीजों ने इंडिया गठबंधन के भीतर की कड़वाहट को उजागर कर दिया है। कांग्रेस द्वारा राजद और भाकपा-माले पर भितरघात के आरोप लगाने के बाद अब राष्ट्रीय जनता दल ने बेहद आक्रामक रुख अख्तियार कर लिया है। राजद ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा करते हुए इस पूरे घटनाक्रम को बिहार के बदलापुर से जोड़ दिया है। राजद का साफ कहना है कि कांग्रेस अपनी संगठनात्मक कमजोरी और विधायकों को एकजुट रख पाने की असफलता को छिपाने के लिए सहयोगियों पर अनर्गल आरोप लगा रही है। राजद ने कांग्रेस को नसीहत दी है कि दूसरों पर उंगली उठाने से पहले वे अपने गिरेबान में झांककर देखें।

झारखंड आरजेडी की ओर से सोशल मीडिया एक्स पर लिखा गया, ‘झारखंड प्रदेश के राज्यसभा चुनाव में परिणाम से स्पष्ट हो गया है कि कांग्रेस अपने ही सभी विधायकों का समर्थन हासिल करने में नाकाम रही। दूसरे दलों पर बिना सोचे-समझे अनर्गल आरोप लगाने से पूर्व स्वयं में झांककर मंथन और चिंतन करना चाहिए कि विगत मार्च महीने में राज्यसभा के द्विवार्षिक चुनावों में कांग्रेस के हरियाणा से 5, ओडिशा से 2 और बिहार से तीन विधायकों ने बीजेपी के पक्ष में खुलकर क्रॉस वोटिंग की तथा जानबुझकर गैरहाजिर रहे।

इसी ट्वीट में बिहार के कांग्रेस के विधायकों के बारे में भी आरजेडी ने लिखा है, जिनके चलते वो राज्यसभा चुनाव हार गई थी। इसके साथ ही उन तीनों विधायकों का वीडियो भी शेयर किया है। साथ ही लिखा है, ‘यही नहीं उन विधायकों ने खुलकर कैमरा पर आकर कहा कि महागठबंधन का उम्मीदवार उनकी पसंद का नहीं था, उनके शीर्ष नेतृत्व ने उन्हें कोई निर्देश नहीं दिया इत्यादि इत्यादि। सबूत के तौर पर वीडियो संलग्न है। अब तक उन विधायकों के खिलाफ क्या कोई कार्रवाई की गई? बिहार में वही लोग इनके शीर्ष प्रदेश नेतृत्व के साथ बैठकर अब प्रेस वार्ता भी करते फिरते है।’

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version