
- जेसिया के सभागार में “उद्योग चिंतन सभा” का आयोजन
रांची। लघु उद्योग भारती की रांची महानगर इकाई एवं महिला शाखा के संयुक्त तत्वावधान में कोकर स्थित जेसिया के सभागार में “उद्योग चिंतन सभा” का आयोजन किया गया। लघु उद्योगों के सशक्तिकरण एवं झारखंड में औद्योगिक विकास की नई दिशा तय करने के उद्देश्य से आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत भगवान विश्वकर्मा एवं माँ भारती के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इसके बाद प्रदेश अध्यक्ष विजय मेवाड़, प्रदेश महामंत्री विनोद अग्रवाल, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष विजय छापरिया, एफजेसीसीआई के पूर्व अध्यक्ष किशोर मंत्री, महिला शाखा अध्यक्ष सरिता पांडे तथा कार्यक्रम संयोजक सुनील गुप्ता ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन किया। मौके पर बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित झारखंड प्रदेश अध्यक्ष विजय मेवाड़ ने कहा कि लघु उद्योग भारती देश का एकमात्र ऐसा संगठन है जो लघु उद्यमियों के हितों के संरक्षण के लिए समर्पित रूप से कार्य कर रहा है। उन्होंने बताया कि देशभर में संगठन की बढ़ती शाखाओं के माध्यम से 75 हजार से अधिक सदस्य इससे जुड़े हैं, जो इसकी सबसे बड़ी शक्ति है। उन्होंने कहा कि लघु उद्योग देश के विकास की रीढ़ हैं और उद्यमियों एवं व्यापारियों की सुरक्षा व सम्मान ही विकसित भारत की मजबूत नींव है।
इस अवसर पर पूर्व प्रदेश अध्यक्ष विजय छापरिया ने झारखंड सहित देशभर में संगठन के बढ़ते प्रभाव एवं कार्यों पर प्रकाश डाला। वहीं किशोर मंत्री ने अपने अनुभव साझा करते हुए महिला उद्यमियों के उत्पादों के लिए उपलब्ध बड़े बाजार एवं उन्हें सहयोग प्रदान करने की आवश्यकता पर बल दिया।
इस अवसर पर एमएसएमई के सहायक निदेशक श्री सुरेंद्र शर्मा एवं एनएसआईसी के अधिकारी श्री किरण ने भी उद्यमियों को मिलने वाले लाभों की विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम में सचिव श्रवण बरनवाल ने लघु उद्योग भारती द्वारा छोटे उद्योगों के विकास तथा नीति स्तर पर किए जा रहे योगदान पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर प्रदेश महामंत्री विनोद अग्रवाल, प्रदेश उपाध्यक्ष सत्या पांडे, उप महामंत्री प्रकाश हेतमसरिया, वरिष्ठ सदस्य ललित केडिया, एफजेसीसीआई के पूर्व अध्यक्ष किशोर मंत्री, सुचित्रा छापरिया, कामिनी सिन्हा एवं सुनीता अग्रवाल सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम को सफल बनाने में कार्यक्रम संयोजक सुनील गुप्ता, महिला विंग की अध्यक्ष सरिता पांडे, सचिव सुचित्रा छापरिया समेत कई लोगों ने मुख्य भूमिका निभाई। कार्यक्रम में मंच संचालन टीना रॉय व धन्यवाद ज्ञापन कोमल नारसरिया ने किया।
