रांची। आयुष्मान भारत मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना के सफल क्रियान्वयन में रांची सदर अस्पताल ने देशभर में पहला स्थान प्राप्त कर झारखंड के लिए उपलब्धि हासिल की है।

इस संबंध में स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने बुधवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर यह जानकारी दी। उन्होंने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह सफलता चिकित्सा टीम की मेहनत और समर्पण का नतीजा है। उन्होंने राज्य के अन्य अस्पतालों से भी इसी मॉडल पर कार्य करने की अपील की। उन्होंने कहा कि जिला अस्पतालों की श्रेणी में देश में प्रथम और मेडिकल कॉलेज सहित सरकारी संस्थानों की श्रेणी में चौथा स्थान पाकर इसने स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में नया कीर्तिमान रचा है।

उन्‍होंने बताया कि सदर अस्पताल ने अब तक दो लाख से अधिक आयुष्मान कार्डधारी मरीजों को निःशुल्क इलाज की सुविधा दी है। गंभीर बीमारियों से लेकर जटिल ऑपरेशनों तक, मरीजों को बिना किसी आर्थिक बोझ के समुचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई गई है।

उल्‍लेखनीय है कि बीते कुछ वर्षों में सदर अस्पताल में सुपर स्पेशियलिटी सेवाओं का भी विस्तार हुआ है। हृदय रोग, नेत्र रोग, अस्थि रोग, मूत्ररोग, और श्वसन तंत्र जैसी सुविधाएं गरीब और दूरदराज के मरीजों के लिए राहत का माध्यम बनी हैं।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version