
रांची। कुख्यात गैंस्टर प्रिंस खान का आपराधिक नेटवर्क अब झारखंड के कई जिलों तक फैलता नजर आ रहा है। रंगदारी, फायरिंग और सोशल मीडिया के जरिए धमकी देने की घटनाओं ने पुलिस की चिंता बढ़ा दी है। हाल के दिनों में रांची में कारोबारियों और बिल्डरों से करोड़ों रुपये की रंगदारी मांगने के कई मामलों में प्रिंस खान का नाम सामने आया है, जिसके बाद पुलिस और एटीएस उसकी गतिविधियों पर लगातार नजर रखे हुए हैं। पुलिस के अनुसार, प्रिंस खान खुद को दुबई में होने का दावा करता है, लेकिन जांच एजेंसियों को मिले कुछ इनपुट में उसके पाकिस्तान में छिपे होने की बात सामने आई है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। रांची पुलिस और एंटी टेररिस्ट स्क्वाड (एटीएस) जल्द ही उन अपराधियों को रिमांड पर लेने की तैयारी में है, जो प्रिंस खान के लिए काम करने या उसके निर्देश पर घटनाओं को अंजाम देने के आरोप में जेल में बंद हैं। उम्मीद है कि पूछताछ से उसके नेटवर्क, फंडिंग और संचालन तंत्र से जुड़े कई अहम खुलासे हो सकते हैं। जांच में यह भी पता चला है कि उसने झारखंड के कई कुख्यात अपराधियों और गिरोहों के साथ संपर्क स्थापित कर लिया है। इनमें गैंगस्टर सुजीत सिन्हा और उसके नेटवर्क से जुड़े अपराधियों के नाम भी सामने आए हैं। पुलिस का मानना है कि प्रिंस खान सीधे तौर पर घटनाओं को अंजाम नहीं दिलाता, बल्कि रंगदारी वसूलने और फायरिंग जैसी घटनाओं के लिए दूसरे आपराधिक संगठनों के सदस्यों का इस्तेमाल करता है। कारोबारियों का पहले वीडियो करता है तैयार फिर मांगता है रंगदारी : पुलिस के मुताबिक, प्रिंस खान का तरीका बेहद सुनियोजित है। वह पहले अपने सहयोगियों से कारोबारी या बिल्डर की रेकी कराता है। इसके बाद उनसे मोटी रकम की रंगदारी मांगी जाती है। यदि कारोबारी भुगतान में आनाकानी करता है तो उसे उसकी गतिविधियों से जुड़े फोटो और वीडियो भेजे जाते हैं, जिससे वह भयभीत हो जाए। कई मामलों में रंगदारी नहीं देने पर फायरिंग जैसी घटनाओं को भी अंजाम दिया गया है।मेन रोड स्थित जय हिंद फार्मा के संचालक से एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने का मामला सामने आ चुका है। वहीं एयरपोर्ट रोड स्थित टीटोस रेस्टोरेंट के संचालक से भी एक करोड़ रुपये की मांग की गई थी। आरोप है कि रकम नहीं मिलने पर रेस्टोरेंट में फायरिंग कराई गई, जिसमें एक कर्मचारी की मौत हो गई थी। इसके अलावा नामकुम के जमीन कारोबारी सतीश कुमार से एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई है। लालपुर के कारोबारी कृष्ण गोपालका से 10 करोड़ रुपये की मांग का मामला भी चर्चा में रहा।

