
रांची । राजधानी रांची के रातु में 31 मई को एक किशोरी से गैंगरेप हुआ था। इसकी शिकायत पुलिस में दर्ज कराई गई थी। इसके बाद जिले के डीआईजी सह एसएसपी चंदन कुमार सिन्हा ने मामले को गंभीरता से लिया और इस गैंगरेप के आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम का गठन किया। टीम ने मामले की जांच शुरू की और आखिरकार 48 घंटे में ही सफलता मिल गई। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
जिले के डीआईजी सह एसएसपी चंदन कुमार सिन्हा ने बताया कि आरोपी विनय कुमार साव और बसंत कुमार को गिरफ्तार किया गया है। पीड़िता की ओर से थाने में मामला दर्ज कराए जाने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी की है। इस गिरफ्तारी के लिए महज एक छोटा सा क्लू पुलिस के हाथ लगा था।
ऑनलाइन पेमेंट और CCTV से आरोपियों तक पहुंची पुलिस : आरोपियों ने पीड़िता को रातु के मुर्गू में एक होटल के पास छोड़ा था। इसके बाद आरोपियों ने आगे जाकर चिप्स का पैकेट खरीदा था और उसका ऑनलाइन पेमेंट किया था। इसी क्लू के आधार पर टेक्निकल सेल की मदद से और सीसीटीवी फुटेज खंगाल कर आरोपियों को धर दबोचा गया है। इस घटना में इस्तेमाल ऑटो, बाइक और दो मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं।
गुमला की रहनी वाली है पीड़िता : पीड़िता गुमला की रहने वाली है और वह दिल्ली जाने के लिए रांची पहुंची थी। लेकिन वह खुद दिल्ली ना जाकर अपनी सहेली को दिल्ली भेज दिया। इसके बाद वह हटिया रेलवे स्टेशन से लालगुटवा ब्रिज के पास पहुंची। वह जिस ऑटो में सवार थी, उसमें दो और लोग सवार थे। जिन्होंने नाबालिग को बहला फुसला कर इटकी और बेड़ो के जंगल ले गए। फिर उसके साथ रात भर गैंग रेप किया था। फिर रातू इलाके के मुर्गू में एक होटल के पास छोड़कर फरार हो गए थे।
