
नयी दिल्ली: कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर कटाक्ष करते हुए सोमवार को कहा कि प्रधानमंत्री ‘‘रिकॉर्ड तोड़’’ बेरोजगारी और ‘‘कमर-तोड़’’ मुद्रास्फीति जैसे ‘ऐपेटाइजर’ (भोजन की शुरुआत में परोसा जाने वाला व्यंजन) का स्वाद चख चुके लोगों से कह रहे हैं कि वह ‘मेन कोर्स’ (मुख्य भोजन) 2047 में परोसेंगे।
मोदी ने हाल में अपनी रैलियों में कहा कि उन्होंने पिछले 10 साल में जो काम किया है वह सिर्फ एक ‘ऐपेटाइजर’ है और ‘मेन कोर्स’ अभी आना बाकी है। राहुल गांधी ने इसी संदर्भ में यह टिप्पणी की।
गांधी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘रिकॉर्ड तोड़ बेरोजगारी, कमरतोड़ महंगाई, कर्ज के बोझ और सरकार के दमन से शहीद होते किसान, बेसहारा मजदूर, प्रताड़ित व्यापारी, डॉलर के मुकाबले इतिहास में सबसे कमजोर रुपया और दुनिया का सबसे बड़ा भ्रष्टाचार ‘चुनावी बॉण्ड’।’’
उन्होंने कहा, ‘‘इन सभी ‘ऐपेटाइजर’ का स्वाद चख चुकी जनता से नरेन्द्र मोदी कह रहे हैं कि 2047 में वह ‘मेन कोर्स’ परोसेंगे।’’
उन्होंने ‘एक्स’ पर कांग्रेस के प्रचार अभियान का गीत साझा करते हुए लिखा, ‘‘दीजिए कांग्रेस का साथ, अब हाथ बदलेगा हालात।’’
